भोपाल

Weather in MP : उत्तरी हवाओं से बढ़ी ठंड, धुंध से धुंधला हुआ नजारा, फ्लाइट भी डायवर्ट

२४ घंटों में जहां एमपी के तापमान में गिरावट आई है। वहीं कोहरा छाने के कारण पास की चीजें भी नहीं नजर आ रही थी, ऐसे में मौसम में आए बदलाव के कारण फ्लाइट का रूख भी बदलना पड़ा।
2 min read
• •
Updated: 8 Dec 2021, 8:57 AM IST
Weather in MP

भोपाल. ठंड का कहर दिन ब दिन बढ़ता जा रहा है। पिछले २४ घंटों में जहां एमपी के तापमान में गिरावट आई है। वहीं कोहरा छाने के कारण पास की चीजें भी नहीं नजर आ रही थी, ऐसे में मौसम में आए बदलाव के कारण फ्लाइट का रूख भी बदलना पड़ा।

हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। उत्तर से आ रही सर्द हवाओं के असर से मंगलवार को प्रदेश के कई शहरों में सुबह धुंध छाई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी सर्द हवाओं का असर उप्र की सीमा से सटे शहरों में दिख रहा है। अगले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में उत्तरी हवाओं का कब्जा हो जाएगा। इसके बाद तापमान में और गिरावट होगी।

ग्वालियर में तापमान 11 डिग्री पर पहुंचा

प्रदेश में मंगलवार को उत्तरी इलाकों में तापमान में गिरावट आई। आधा दर्जन से अधिक शहरों में एक से दो डिग्री की कमी देखी गई। सबसे कम तापमान 11 डिग्री ग्वालियर में तो दतिया में 12.8 डिग्री और रायसेन में 13.4 डिग्री दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में तापमान में एक से तीन डिग्री तक गिरावट हो सकती है।


14 दिसंबर तक शुष्क बना रहेगा मौसम

मौसम विशेषज्ञ एसके नायक ने बताया कि उत्तरी इलाकों जैसे पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है। इन राज्यों में कई जगहों पर तापमान तीन से पांच डिग्री तक गिरेगा। ऐसे में प्रदेश में भी कई शहरों, खासतौर पर उत्तरी हिस्से के शहरों में तापमान में 2-3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है।


भोपाल में सीजन का पहला कोहरा
सर्दी के तीखे होते तेवरों के बीच शहर में मंगलवार को सीजन का पहला कोहरा छाया। इस दौरान सुबह-6.30 बजे दृश्यता गिरकर 500 मीटर पर आ गई। कोहरा छंटने के बाद भी धुंध का असर बना रहा और पूरे दिन धुंध छाई रही। इससे धूप मद्धम रही और दिन के तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई। बादलों के कारण रात का तापमान एक डिग्री की बढ़त के साथ 15.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटों में रात के तापमान में गिरावट आने और सर्दी के तेवर और तीखे होने के आसार हैं। इससे पहले मंगलवार अलसुबह कोहरा छाने लगा और उजाला बढऩे के साथ घना होता गया। सुबह 6.30 बजे सबसे कम दृश्यता 500 मीटर रही, जबकि कोहरा 9.30 बजे तक छाया रहा। दृश्यता केवल 800 मीटर ही रही। अधिकतम तापमान में मंगलवार के मुकाबले 2.1 डिग्री की गिरावट आई और यह 24.7 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य स्तर से 2.5 डिग्री कम रहा।


जीरो विजिबिलिटी के चलते दिल्ली एवं मुंबई से आने वाली फ्लाइट डायवट

राजाभोज इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जीरो विजिबिलिटी के चलते दिल्ली से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को जयपुर एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा। इसी प्रकार मुंबई से आने वाली इंडिगो की फ्लाइट को अहमदाबाद डायवर्ट करना पड़ा।

Published on: