
MP Weather Report -भोपाल में पिछले दो तीन दिनों से लगातार तपिश और उमस का दौर चल रहा है, लेकिन एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के साथ ही मौसम करवट ले सकता है। आसपास बने सिस्टम के कारण नमी आ रही है, जिससे अगले दो दिन शाम के समय फिर तेज हवा, गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसके कारण गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। राजधानी में मानसूनी बारिश के लिए अभी थोड़ा इंतजार है, लेकिन इसके पहले प्री- मानसून की बौछारें राहत दे सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण इन दिनों हवा का रुख दक्षिण पश्चिमी हो गया
पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण इन दिनों हवा का रुख दक्षिण पश्चिमी हो गया है। इससे नमी आ रही है जिसके कारण तापमान में थोड़ी कमी आई है। हांलाकि इस समय लोगों को तेज उमस का सामना भी करना पड़ रहा है।
गुरुवार को शहर में सुबह से बादल रहे, लेकिन दोपहर में तेज धूप का सामना लोगों को करना पड़ा, ऐसे में उमस से भी लोग बेहाल नजर आए। लेकिन बादल, नमी के कारण तापमान में हल्की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 39.7 और न्यूनतम 28 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी एचएस पांडे ने बताया कि अभी पश्चिमी विक्षोभ के साथ ही आसपास कुछ सिस्टम है, एक ट्रफ भी जा रही है। इसके कारण बड़ी मात्रा में नमी आ रही है। इसके कारण दो दिन हल्के बादल, तेज हवा, गरज चमक के साथ बौछारों की स्थिति बन सकती है।
प्रदेश में गुरुवार को भी कई जगहों पर पानी गिरा। ग्वालियर में शाम तक 12 मिमी, सिवनी में 7 मिमी और मंडला में 1 मिमी बारिश दर्ज की गई। भोपाल में मिला जुला मौसम रहा। सुबह बादल छाए रहे तो दोपहर में तीखी धूप बनी रही। लोग गर्मी और उमस से परेशान होते रहे। राजधानी में अब जल्द मानसून आने की आस जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल सहित प्रदेशभर में मानसून के लिए प्रभावी स्थितियां निर्मित हो रहीं हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से देश के पूरे उत्तर- पश्चिमी हिस्से का मौसम बदल रहा है। इसमें नमी बढ़ रही है। यह अन्य राज्यों के साथ ही मध्यप्रदेश में भी मानसून के लिए अनुकूल साबित होगी।