भोपाल

केरल में 8 दिन पहले पहुंच गया मानसून, जानिए अब एमपी में कब-कहां से होगी एंट्री

When will monsoon enter MP - मध्यप्रदेश में भले ही अभी गर्मी शबाब पर है पर देश में मानसून की गतिविधियां शुरु हो चुकी हैं। केरल में मानसून पहुंच गया है।
2 min read
May 24, 2025
Monsoon increased the wait in MP but the entry will be great
Monsoon in MP- image patrika.com

When will monsoon enter MP - मध्यप्रदेश में भले ही अभी गर्मी शबाब पर है पर देश में मानसून की गतिविधियां शुरु हो चुकी हैं। केरल में मानसून पहुंच गया है। यहां निर्धारित समय से 8 दिन पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी। ऐसे में एमपी में मानसून की चर्चा चलने लगी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक प्रदेश में इस बार मानसून 15-16 जून को एंट्री कर सकता है। एमपी में मानसून दक्षिण से प्रवेश करेगा जिससे सबसे अंत में उत्तरी इलाकों में सक्रिय होगा। मध्यप्रदेश में मानसून आमतौर पर 15 जून को आता है। हालांकि कई बार बहुत विलंब भी हुआ है और कुछेक बार जल्दी भी सक्रिय हुआ है।

प्रदेश में पिछले साल यानि सन 2024 में मानसून करीब 6 दिन लेट आया था। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने प्रदेश के दक्षिणी जिलों अनूपपुर, बालाघाट, डिंडौरी, पांढुर्णा, मंडला और सिवनी में 21 जून को प्रवेश किया था। इधर 2009 में मानसून प्रदेश में 23 मई को ही आ गया था।

प्रदेश में 15-16 जून तक आने की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, सन 2025 में यानि इस बार भी मानसून के प्रदेश में 15-16 जून तक आने की संभावना है। दक्षिणी पश्चिमी मानसून प्रदेश के दक्षिणी पश्चिमी जिलों से ही प्रदेश में प्रवेश करेगा। एमपी के दक्षिणी जिलों अनूपपुर, बालाघाट, बैतूल, मंडला, सिवनी, डिंडौरी, पांढुर्णा और पश्चिमी जिलों बुरहानपुर व बड़वानी में सबसे पहले मानसून सक्रिय होगा।

मध्य इलाकों में मानसून इस बार 20 जून तक आ सकता है

भोपाल, इंदौर सहित मध्यप्रदेश के मध्य इलाकों में मानसून इस बार 20 जून तक आ सकता है जबकि ग्वालियर जैसे उत्तरी इलाकों में यह सबसे बाद 25 जून तक सक्रिय होगा।

मौसम विभाग भोपाल के अधिकारियों के अनुसार शनिवार को मानसून केरल पहुंच गया है। यह अपने तय समय से 8 दिन पहले पहुंचा लेकिन मध्यप्रदेश में इसके निर्धारित समय यानि 15 जून के आसपास ही सक्रिय होने का अनुमान है।

Updated on:
24 May 2025 04:48 pm
Published on:
24 May 2025 04:48 pm