
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लम्बे समय बाद शुरू किए गए जनदर्शन पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सवाल उठाए हैं। कमलनाथ ने कहा है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज जनदर्शन यात्रा करें, अपने दर्शन जनता को दें, हमें कोई आपत्ति नहीं है लेकिन उनका जनदर्शन का कार्यक्रम सिर्फ उन क्षेत्रों में हो रहा है, जहाँ आगामी समय में उपचुनाव होना है। बेहतर हो वह अपना जनदर्शन उन क्षेत्रों में भी दें, जहां जनता बड़ी बेसब्री से उनके दर्शनों को आतुर है। इसको लेकर उन्होंने ट्वीट भी किया है।
कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में जहाँ-जहाँ भी जहरीली शराब से मौतें हुई हैं, वहां उनके दर्शनों की जरूरत है लेकिन वे वहाँ जा नही रहे है। प्रदेश के नेमावर, नीमच व खरगोन में आदिवासियों पर दमन व हत्या की घटना हुई है। वहां पीडि़त परिवार उनके जनदर्शन की उम्मीद के साथ उनका इंतजार कर रहा है। प्रदेश के कई जिले डेंगू व वायरल बुखार के हॉटस्पॉट बने हुए हैं। अस्पताल भरे पड़े हैं, एक-एक बेड पर तीन-तीन बच्चे इलाज करा रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल तस्वीरे रोज सामने आ रही है। उन अस्पतालों में भी उन्हें जनदर्शन के लिए जाना चाहिए। गंज बासौदा की दु:खद घटना पर भी उन्हें जनदर्शन के लिए जाना चाहिए। प्रदेश के कई स्थानों पर मॉब लीचिंग की घटनाएं हुई है, उन्हें वहाँ भी जनदर्शन के लिए जाना चाहिए लेकिन उनका जनदर्शन तो सिर्फ उन क्षेत्रों के लिए है। जहां आगामी समय में उपचुनाव होना है। वहां वे हमेशा की तरह झूठे नारियल फोड़ेगे, भूमि पूजन, शिलान्यास, झूठी घोषणाओं के नाम पर जनता को गुमराह करने का काम करेंगे।