भोपाल

Election: 33 फीसदी महिला आरक्षण की, टिकट 15 प्रतिशत भी नहीं देते

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व की पड़ताल...
2 min read
Sep 18, 2018
Use of VVPat machine in election
Use of VVPat machine in election

अनंत मिश्रा की रिपोर्ट...

भोपाल। पांच साल तक देश की तीनों सशस्त्र सेनाओं के सुप्रीम कमांडर के तौर पर पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल की पारी सफल रही। अपनी निर्णय क्षमता के लिए प्रख्यात पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 16 वर्षों तक देश की बागड़ोर संभाली, लेकिन गांधी, पाटिल के देश की राजनीति, महिलाओं के लिहाज से पिछड़ेपन की दीवार लांघ नहीं पा रही है।

देश की किसी भी विधानसभा में महिला प्रतिनिधित्व 14 प्रतिशत से ज्यादा नहीं है। लोकसभा में महज 11 फीसदी महिला सांसद हैं। 543 की क्षमता वाले सदन में आज सिर्फ 59 महिला सांसद हैं। राजनीति के जानकार मानते हैं कि इस पिछड़ेपन के लिए राजनीतिक दल ही जिम्मेदार हैं।

'पत्रिका' ने मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में राजनीति में महिलाओं के प्रतिनिधित्व की पड़ताल की तो सामने आया कि पिछले विधानसभा चुनाव में इन राज्यों में किसी भी दल ने कुल सीटों की तुलना में 15 फीसदी टिकट भी महिलाओं को नहीं दिए।

तीनों राज्यों के मंत्रिमंडल में भी महिलाओं को बहुत कम संख्या में मंत्री पद, राजनीतिक नियुक्ति या संगठन पदाधिकारियों की कुर्सी दी गई है।

सत्ता में ही नहीं, संगठन में भी उपेक्षा
बात टिकट देने की हो तो यह माना जा सकता है कि जिताऊ प्रत्याशी तलाशना पड़ता है, लेकिन राजनीतिक दलों में महिलाएं संगठन के पदों पर भी पर्याप्त संख्या में नहीं हैं। मध्यप्रदेश भाजपा में 44 प्रदेश पदाधिकारियों में छह महिलाओं को ही जगह मिल पाई है। इसी तरह कांग्रेस के 127 पदाधिकारियों में महिलाओं की संख्या सिर्फ 16 है।

तीन राज्यों में 75 मंत्री, महिला सिर्फ 11
तीनों राज्यों में सीएम समेत कुल 75 मंत्री हैं, जिनमें महिलाओं का प्रतिनिधित्व महज 11 हैं।

मप्र में अर्चना चिटनीस, यशोधरा राजे, कुसुम महदेले, माया सिंह और ललिता यादव तो दग में एक मात्र रमशीला सिंह साहू रमण सिंह सरकार का महिला चेहरा हैं। राजस्थान में 30 सदस्यीय मंत्रिमंडल में सीएम वसुंधरा राजे, किरण माहेश्वरी, कृष्णेन्द्र कौर दीपा, अनीता भदेल और कमसा महिला चेहरे हैं।

विदेशी संसदों में महिला प्रतिनिधित्व
देश - महिला सांसद
क्यूबा - 53
बोलीविया - 53
स्वीडन - 44
दक्षिण अफ्रीका - 42
स्पेन - 39
फ्रांस - 39
ब्रिटेन - 32
अमरीका - 20
सऊदी अरब - 19
भारत - 11

राहुल ने महिलाआें का राजनीति में प्रतिनिधित्व बढ़ाने की बात कही है। हम उनकी मंशा पर काम करेंगे। महिलाओं को राजनीति में सक्रिय किया जाएगा।
- कमलनाथ, अध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस

भाजपा ने महिला प्रतिनिधित्व की हमेशा बात की है। पार्टी में जीत की संभावना टिकट देने का पहला बिंदु होता है। हम महिलाओं की भागीदारी बढ़ाएंगे।
- राकेश सिंह, अध्यक्ष, प्रदेश भाजपा

Updated on:
18 Sept 2018 08:41 am
Published on:
18 Sept 2018 08:41 am