भोपाल

Gita Jayanti: एमपी में बनेगा गीता के पाठ का रिकॉर्ड, सीएम मोहन यादव ने बैठक में जारी किए दिशा-निर्देश

Gita Jayanti : गीता जयंती के दिन यानी 8 दिसंबर को भोपाल में श्रीमद भगवद गीता के पाठ का विश्व रिकॉर्ड बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गीता जयंती और तानसेन समारोह आयोजन की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की।

2 min read
Dec 03, 2024

Gita Jayanti : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में 11 दिसंबर को बड़ा विश्व रिकॉर्ड बनने जा रहा है। यह रिकॉर्ड गीता के पाठ का होगा। यह गीता का पाठ गीता जयंती के दिन आयोजित किया जाएगा जिसमें देशभर से आए हजारों आचार्य शामिल होंगे।

इसके अलावा 8-11 दिसंबर तक राज्य में गीता महोत्सव भी मनाया जाएगा जिसके तहत जगह-जगह सांस्कृतिक, धार्मिक और शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। यह निर्णय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गीता जयंती और तानसेन समारोह के आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा बैठक के दौरान लिया। इस दौरान सीएम ने अधिकारीयों को दिशा-निर्देश भी दिए। इसी तरह तानसेन समारोह का शताब्दी वर्ष का भी आयोजन किया जाएगा।

यहां होंगे गीता जयंती के कार्यक्रम

गीता जयंती के अवसर पर 8 दिसंबर से अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का शुभारंभ होगा, जिसमें भगवद गीता के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। उज्जैन स्थित सांदीपनि आश्रम इस आयोजन का प्रमुख केंद्र होगा। छात्रों के बीच गीता की शिक्षाओं को बढ़ावा देने के लिए ज्ञान परीक्षाओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। इस्कॉन संस्था इन कार्यक्रमों में सहयोग करेगी। 11 दिसंबर को भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हजारों आचार्य एकत्रित होकर सामूहिक रूप से गीता का सस्वर पाठ करेंगे, जो विश्व रिकॉर्ड बनाने की दिशा में एक अद्वितीय प्रयास होगा।

विशेष कार्यक्रम और प्रमुख अतिथि

  • 8 दिसंबर को उज्जैन में गीतकार मनोज मुन्तशिर शुक्ला "गीता संवाद" करेंगे।
  • 9 दिसंबर को श्रीकृष्ण पर आधारित महानाट्य 'कृष्णायन' प्रस्तुत किया जाएगा।
  • 10 और 11 दिसंबर को स्वामी सरस्वती द्वारका पीठ लेक्चर देंगे।
  • 11 दिसंबर को मोटिवेशनल स्पीकर विवेक बिंद्रा का लेक्चर और भारतीय परंपराओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

तानसेन समारोह की धूम

15 से 19 दिसंबर तक संगीत नगरी ग्वालियर में तानसेन समारोह का शताब्दी वर्ष मनाया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सम्मान अलंकरण दिए जाएंगे। तानसेन के जीवन और संगीत पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन होगा और देशभर में संगीत श्रृंखलाओं का आयोजन होगा। रीवा, शिवपुरी, ओरछा और भोपाल जैसे शहर भी इन आयोजनों में शामिल होंगे।

राज्य को वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि ये आयोजन न केवल राज्य की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करेंगे, बल्कि मध्य प्रदेश को वैश्विक स्तर पर सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान दिलाने में भी मददगार होंगे। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि इन कार्यक्रमों को सफल और भव्य बनाने में कोई कसर न छोड़ी जाए।

Published on:
03 Dec 2024 06:55 pm
Also Read
View All

अगली खबर