एडीजी (ऑपरेशन) के अनुसार भारी मात्रा में हथियारों और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई...
(पत्रिका ब्यूरो,भुवनेश्वर): माओवादियों का गढ़ कहे जाने वाले मलकानगिरि में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच गोलीबारी में पांच माओवादी मार गिराए गए। इनमें एक महिला माओवादी भी है। घने जंगल का लाभ लेते हुए माओवादियों का लीडर भागने में सफल रहा। खबर लिखे जाने तक फायरिंग जारी थी। एडीजी (ऑपरेशन) आरपी कोचे ने यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार कलिमेला ब्लाक पुपुलरु के जंगल में माओवादियों के होने की खबर सुरक्षा बलों को मिली। माओवादियों के विरुद्ध जारी ऑपरेशन में जुटे सुरक्षा बलों ने दबिश दी। दोनों तरफ से फायरिंग की जाती रही। अचानक हमले से बौखलाये माओवादियों ने इधर-उधर भागकर जान बचाने लगे। इस बीच एक के बाद एक पांच माओवादियों को सुरक्षा बलों ने मार गिराया। इनमें एक महिला भी थी। माओवादियों के कलिमेला डिवीजन के कमांडर रणदीप भागने में सफल रहा। एडीजी (ऑपरेशन) के अनुसार भारी मात्रा में हथियारों और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई ।