
(पत्रिका ब्यूरो,भुवनेश्वर): एडीजी रेलवे एंड कोस्टल सिक्योरिटी प्रणबिंदू आचार्य की बेटी के खिलाफ भुवनेश्वर के कैपिटल थाने में महिला कांस्टेबल ने एफआईआर दर्ज करा दी है। महिला कांस्टेबल को खरी-खोटी सुनाने की प्रतिक्रिया स्वरूप पुलिस कर्मियों ने कांस्टेबल से एफआईआर करा देने को कहा, ताकि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई न की जा सके।
गुरुवार शाम एजी चौक पर यातायात नियम उल्लंघन करने से मना करने पर एडीजी की बेटी ने रौब गांठने की कोशिश की। इससे विवाद बढ़ गया था। एडीजी की बेटी ने दुर्व्यवहार की शिकायत की, जबकि महिला कांस्टेबल पुष्पलता भुई ने भी कहा कि ऑन ड्यूटी उसकी बेइज्जती की गई।
थाना पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार यातायात का नियम तोड़ा गया और समझाने पर महिला कांस्टेबल से ही दुर्व्यवहार का मामला सामने आया। भुई की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय दंड संहिता की धारा 341,294, 253 व 34 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे देखे जा रहे हैं।
एडीजी की बेटी को थप्पड मारने वाली महिला कांस्टेबल को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। अपनी निर्भिकता को लेकर कांस्टेबल सुर्खियों में बनी हुई है। गौरतलब है कि गुरूवार शाम यह घटना हुई। मिली जानकारी के अनुसार एडीजी की पत्नी और बेटी अपनी कार में एजी स्कॉवयर पर पहुंची। गाड़ी एडीजी की बेटी चला रही थी। ट्रैफिक सिग्नल पर रेड लाइट होने पर वह गाड़ी रोककर हरी बत्ती होने का इंतजार करने लगी। तभी महिला कांस्टेबल वहां आई और चालक को थप्पड़ जड दिया। कांस्टेबल का कहना था कि चालक ने गाड़ी को जैबरा क्रासिंग से आगे खड़ा किया और महिला कांस्टेबल से बदसलूकी की। यह सब देखकर अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे उन्होंने महिला कांस्टेबल से कहा की यह एडीजी की बेटी है। तो महिला कांस्टेबल ने कहा कि नियमों की पालना तो करनी ही चाहिए। बताया जा रहा है कि दोनो महिलाएं आपस में आरोप लगाती रही। यह मामला गर्माता गया। बाद में एडीजी खुद मौके पर आए और मामला शांत करवाया। आज महिला कांस्टेबल ने इस मामले की रिपोर्ट दर्ज करवा दी है और मामले में जांच भी शुरू हो चुकी है। अब सभी की नजरे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग की तरफ है क्योंकि उसके बाद ही यह बात साबित हो पाएगी कि असली गुनहगार कौन है?