बीजापुर

Teacher Suicide: सुसाइड नोट ने खोले राज, मानसिक दबाव से तंग आकर शिक्षक ने उठाया कदम, इलाके में आक्रोश

Bijapur Teacher Suicide: बीजापुर जिले के पालनार क्षेत्र में एक प्रधान अध्यापक ने कथित रूप से अधिकारियों के दबाव और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
2 min read
शिक्षक ने उठाया कदम (photo source- Patrika)
शिक्षक ने उठाया कदम (photo source- Patrika)

Teacher Suicide: बीजापुर जिले के पालनार क्षेत्र में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां वरिष्ठ शिक्षक एवं प्रधान अध्यापक राजू पुजारी (42) ने कथित रूप से अधिकारियों के दबाव से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जांच के दौरान मृतक की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें मानसिक प्रताडऩा और दबाव का उल्लेख किया गया है।

Teacher Suicide: भुगतान का विवाद

बताया जा रहा है कि प्राथमिक शाला पालनार में स्कूल भवन निर्माण कार्य चल रहा था, जिसकी एजेंसी शाला प्रबंधन समिति थी। मृतक शिक्षक निर्माण कार्य की गुणवत्ता और बिल्डिंग से संतुष्ट नहीं थे, जिसके चलते उन्होंने भुगतान रोक रखा था। आरोप है कि इसी को लेकर एपीसी, इंजीनियर और ठेकेदार द्वारा लगातार भुगतान करने का दबाव बनाया जा रहा था।

सुसाइड नोट में ठेकेदार, इंजीनियर और अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, जिन पर जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। निर्माण कार्य में बिना काम के भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जिससे शिक्षक ने आत्मघाती कदम उठाया। डीओ और डीएमसी अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए- विक्रम मंडावी, क्षेत्रीय विधायक

पुलिस और प्रशासन की प्रतिक्रिया

कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी एल.एल. धनेलिया ने कहा कि यह कार्य सर्व शिक्षा अभियान के तहत संचालित हो रहा था। मामले की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अस्पताल में दिया धरना

Teacher Suicide: घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जिला अस्पताल बीजापुर के सामने धरने पर बैठ गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण नारायण मरकाम ने बताया कि लगातार दबाव के कारण शिक्षक बेहद परेशान थे। वहीं आदिनारायण पुजारी ने आरोप लगाया कि अधूरे कार्य का भुगतान कराने के लिए ठेकेदार और इंजीनियर दबाव बना रहे थे।

सुसाइड नोट में गंभीर आरोप: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सुसाइड नोट में कुछ जिम्मेदार व्यक्तियों के नाम भी दर्ज बताए जा रहे हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस नोट के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Updated on:
23 Apr 2026 03:30 pm
Published on:
23 Apr 2026 03:30 pm