25 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Bijapur / नक्सलवाद से मुक्ति के दावों के बीच 20 गांव डोंगी के भरोसे, नदी पार करते गईं कई जानें, 10 साल से अधूरा पुल

नक्सलवाद से मुक्ति के दावों के बीच 20 गांव डोंगी के भरोसे, नदी पार करते गईं कई जानें, 10 साल से अधूरा पुल

Bijapur News: नक्सलवाद से मुक्ति के दावों के बीच भी अबूझमाड़ के करीब 20 गांव विकास की राह देख रहे हैं। इंद्रावती नदी पार कर बाजार और जरूरी सामान लेने जाना आज भी ग्रामीणों की मजबूरी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

बीजापुर

•

image

Khyati Parihar

•

Updated: 25 Nov 2026, 3:19 PM IST

Chhattisgarh News

10 साल से अधूरा पुल (फोटो सोर्स- पत्रिका)

बीजापुर@मो.इरशाद खान। Indravati River Bridge: देश आजादी के 79 साल पूरे कर चुका है और मार्च 2026 में माओवाद के प्रभाव से मुक्ति की बात कही जा रही है। बीजापुर के दुर्गम इलाकों में विकास की नई इबारत लिखने के दावे हो रहे हैं, लेकिन अबूझमाड़ के करीब 20 गांवों की जिंदगी आज भी इंद्रावती नदी के उस पार अटकी है। यहां न सड़क है, न पुल और न बाजार तक पहुंचने का सुरक्षित रास्ता। राशन खरीदना हो या साप्ताहिक बाजार जाना, ग्रामीणों को डोंगी और नाव के सहारे उफनती इंद्रावती पार करनी पड़ती है। यह सिर्फ नदी पार करने की मजबूरी नहीं, बल्कि दशकों से विकास का इंतजार कर रहे आदिवासी परिवारों का दर्द है।

नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र के ये गांव बाजार और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बीजापुर जिले के बेदरे पर निर्भर हैं। नारायणपुर की ओर का रास्ता लंबा और दुर्गम है, इसलिए ग्रामीण बेदरे के साप्ताहिक बाजार पहुंचते हैं। हर सप्ताह राशन, नमक, तेल और दूसरी जरूरी सामग्री के लिए उन्हें इंद्रावती पार करनी पड़ती है। नदी के दोनों किनारों के बीच दूरी भले कुछ ही है, पर सुरक्षित रास्ता न होने से यह सफर जोखिम भरा है।

ग्रामीणों की परेशानी देखते हुए करीब 10 साल पहले बेदरे में इंद्रावती पर पुल निर्माण की स्वीकृति दी गई थी। निर्माण का ठेका गुप्ता कंस्ट्रक्शन नामक कंपनी को मिला। उम्मीद थी कि पुल बनते ही अबूझमाड़ के इन गांवों का बीजापुर से संपर्क आसान होगा, लेकिन एक दशक बाद भी पुल पूरा नहीं हुआ। ग्रामीणों के मुताबिक नदी में अब तक महज 4-5 पिलर ही खड़े हो पाए हैं। निर्माण की सुरक्षा के लिए इलाके में कैंप भी स्थापित किया गया, इसके बावजूद काम अधूरा पड़ा है।

नदी पार करते समय हादसों में जा चुकी हैं जानें

ग्रामीण बताते हैं कि इंद्रावती पार करना उनकी हर सप्ताह की मजबूरी है। डोंगी और छोटी नाव से नदी पार करते समय कई बार हादसे हो चुके हैं, जिनमें ग्रामीणों की जान तक गई है। बारिश में जलस्तर बढ़ने पर खतरा और बढ़ जाता है। इसके बावजूद बाजार और जरूरी सामान के लिए इसी रास्ते का सहारा है। कई बार लोग नदी पार करने के लिए मौसम और पानी के मिजाज का इंतजार करते हैं।

नक्सलवाद खत्म हुआ, अब विकास की बारी

लंबे समय तक नक्सलवाद के प्रभाव में रहे इस इलाके के ग्रामीण अब सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और दूसरी बुनियादी सुविधाएं चाहते हैं। उनका कहना है कि जब हालात बदल रहे हैं और विकास की उम्मीद जगी है, तो उन्हें भी सुरक्षित आवागमन का अधिकार मिलना चाहिए। अबूझमाड़ के इन गांवों के लिए बेदरे का पुल केवल निर्माण कार्य नहीं, बल्कि बाजार, इलाज, शिक्षा और प्रशासन तक पहुंचने का रास्ता है।

विडंबना यह है कि जिस पुल से करीब 20 गांवों की जिंदगी आसान हो सकती थी, वह 10 साल बाद भी अधूरा है। विकास के दावों के बीच इंद्रावती पार के आदिवासी आज भी डोंगी के सहारे जरूरतें पूरी कर रहे हैं। ग्रामीणों की मांग साफ है: अब आश्वासन नहीं, अधूरे पुल का निर्माण पूरा होना चाहिए।

विश्वदीप कलेक्टर, बीजापुर के मुताबिक, बेदरे पुल निर्माण के लिए री-टेंडर की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और वर्क ऑर्डर भी जारी हो चुका है। उन्होंने कहा कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा और इसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का प्रयास होगा।