
छत्तीसगढ़ के इस इलाके में किसानों पर दोहरी मार (Photo Source- Patrika)
Paddy Procurement: नक्सल प्रभावित पामेड़ क्षेत्र में किसानों को खेती की जमीन का वनाधिकार पट्टा मिलने के बाद भी उनकी मुश्किलें कम नहीं हुई हैं। सालभर खेतों में मेहनत कर धान की फसल तैयार करने वाले नए वनाधिकार पट्टाधारक अब अपनी उपज बेचने के लिए सरकारी पोर्टल में नाम दर्ज कराने की जद्दोजहद कर रहे हैं। एग्रीस्टैक पोर्टल में नाम दर्ज नहीं होने के कारण इन किसानों का किसान पंजीयन और धान पंजीयन अटक गया है। ऐसे में समर्थन मूल्य पर धान बेचने का उनका अधिकार संकट में पड़ता दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि पामेड़ धान खरीदी केंद्र के अंतर्गत आने वाली सात ग्राम पंचायतों के करीब 35 गांवों में 500 से 600 किसानों को नए वनाधिकार पट्टे वितरित किए गए हैं। इनमें पामेड़, धर्माराम, उड़तामल्ला, पालागुड़ा, कंवरगट्टा और दारेली सहित आसपास के गांवों के किसान शामिल हैं। किसानों का कहना है कि पट्टा मिलने के बावजूद उनके नाम एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज नहीं हो पाए हैं।
इसके चलते ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं हो रही और धान बेचने के लिए जरूरी पंजीयन भी अटक गया है। इस समस्या को लेकर प्रभावित किसानों ने कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपकर एग्रीस्टैक और धान पंजीयन कराने की मांग की है। किसानों को आशंका है कि समय रहते पोर्टल में नाम दर्ज नहीं हुए तो खरीदी शुरू होने के बावजूद वे अपनी उपज सरकारी केंद्रों पर नहीं बेच पाएंगे।
सापेड़ के हरीश कुंजाम, जारपल्ली के कारमधर देव, सैंड्राबोर के कुर्सुम मुत्ता, कंवरगट्टा के मडक़म नंदा और धर्माराम के सोढ़ी भुजंगरा सहित अन्य किसानों का कहना है कि उन्हें खेती के लिए पट्टा तो मिल गया, लेकिन अब सरकारी खरीदी में शामिल होने के लिए जरूरी पंजीयन नहीं हो पा रहा है। किसानों का सवाल है कि जब उन्हें जमीन पर खेती करने का अधिकार मिल चुका है तो अपनी उपज बेचने के लिए जरूरी सरकारी प्रक्रिया में उनका नाम क्यों नहीं जुड़ पा रहा है?
इस समस्या का दूसरा पहलू और भी गंभीर है। पामेड़ क्षेत्र तेलंगाना की सीमा से लगा हुआ है। यहां सरकारी खरीदी की सुविधा से वंचित किसानों के सामने अपनी उपज बेचने के विकल्प सीमित हैं। ऐसे में उन्हें तेलंगाना की ओर सक्रिय कोचियों के पास धान बेचने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। किसानों के मुताबिक, कोचिए उनसे करीब 800 से 900 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदते हैं, जबकि सरकारी खरीदी में समर्थन मूल्य का लाभ मिलता है। खेती में बीज, खाद, मजदूरी और परिवहन पर खर्च करने के बाद इतनी कम कीमत पर धान बेचना किसानों के लिए घाटे का सौदा साबित होगा।
जारपल्ली, धर्माराम, सापेड़ और पामेड़ क्षेत्र के किसान इस समस्या से जूझ रहे हैं। इनमें पड़ा गुताम्मा, कट्टम अदम्मा, कुंजाम कोसी, करतम लखमू, हरीश कुंजाम, कारम दरैया, बद्रमा कारम, गडप्पली मुक्तमा, नागमणी पोडियामी, कट्टम जानकम्मा, सोढ़ी बुजगरांव, सवलम दुरो, कारम वैंकेया, करतम अर्जुन, तेलम इरमा और कल्लूरी चलपती सहित अन्य किसान शामिल हैं।
प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नए वनाधिकार पट्टाधारकों के नाम एग्रीस्टैक पोर्टल पर दर्ज कराने के लिए विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि वे समय रहते धान पंजीयन करा सकें और समर्थन मूल्य पर अपनी उपज बेचने के लाभ से वंचित न रहें।
विश्वदीप तुस्सावाल, कलेक्टर के अनुसार जिले में अब तक 20 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन हो चुका है। जो किसान एग्रीस्टैक और धान पंजीयन से छूट गए हैं, उनका पंजीयन कराने के लिए प्रशासन पूरा प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि कोशिश रहेगी कि कोई भी पात्र किसान समर्थन मूल्य पर धान बेचने और बोनस के लाभ से वंचित न रहे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
27 Nov 2026, 11:10 AM IST
Published on:
27 Nov 2026, 11:10 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबीजापुर
छत्तीसगढ़




