बिजनोर

बेटी पर डाली बुरी नजर, तो मां ने लिव-इन पार्टनर को उसी के तमंचे से उतार दिया मौत के घाट, कांप उठी रूह

Bijnor Crime News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक महिला ने अपनी 9 साल की बेटी की सुरक्षा और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर अपने लिव-इन पार्टनर की उसी के तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी।

2 min read
May 02, 2026
बेटी पर डाली बुरी नजर..

Bijnor Murder Case:यूपी के बिजनौर के नगीना देहात थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही लिव-इन पार्टनर की उसी के तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था और उसकी नौ साल की मासूम बेटी पर भी गलत नजर रखता था, जिससे परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

ये भी पढ़ें

खेतों से गायब हो रहे थे स्टार्टर और सोलर प्लेट, अमरोहा पुलिस के बिछाए जाल में फंसा शातिर बदमाश

हत्या के पीछे की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला ने पूछताछ के दौरान बताया कि आरोपी आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और उसे मानसिक रूप से भी प्रताड़ित करता था। इसके अलावा वह महिला को उसके आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देता था, जिससे महिला लगातार दबाव और डर में जी रही थी।

जंगल में मिली लाश से खुला राज

घटना का खुलासा तब हुआ जब 28 अप्रैल को जुलाहापुर गांव के जंगल में 25 वर्षीय युवक अनुज का शव मिला। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने महिला शोभा और उसके पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।

लिव-इन रिश्ते की कहानी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शोभा की शादी वर्ष 2011 में किरतपुर थाना क्षेत्र के भनेड़ा गांव निवासी सत्येंद्र से हुई थी और उसकी एक नौ साल की बेटी है। पति से अनबन के चलते वह 2023 से अलग रह रही थी। इसी दौरान वर्ष 2024 में उसकी मुलाकात अनुज से हुई और दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।

बेटी पर बुरी नजर से बढ़ी चिंता

महिला ने पुलिस को बताया कि अनुज का व्यवहार धीरे-धीरे हिंसक होता गया। वह न केवल उसके साथ मारपीट करता था, बल्कि उसकी बेटी पर भी गलत नजर रखता था। इस स्थिति ने महिला को मानसिक रूप से तोड़ दिया और उसने आरोपी को अपने जीवन से हटाने का फैसला कर लिया।

जंगल में रची गई वारदात

घटना वाले दिन अनुज महिला को बाइक पर बैठाकर गांव की ओर ले जा रहा था। जैसे ही दोनों जंगल के सुनसान इलाके में पहुंचे, महिला ने मौका देखकर अनुज का तमंचा छीन लिया और उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही अनुज की मौके पर ही मौत हो गई और महिला वहां से फरार हो गई।

गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने आरोपी महिला शोभा को गिरफ्तार कर लिया है। एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। साथ ही हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच कर रही है।

Also Read
View All