
बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र में एक दामाद ने मामूली कहासुनी के बाद अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी दामाद को हथियार समेत गिरफ्तार कर लिया है।
मामला नहटौर के गांव फुलसंदा का है। यहां के निवासी फकीरचंद की बड़ी बेटी भावना ने करीब दो साल पहले गांव के ही सजल के साथ प्रेम विवाह (कोर्ट मैरिज) किया था। शादी के बाद लगभग एक साल तक यह जोड़ा गांव से बाहर रहा। करीब एक साल पहले ही दोनों वापस गांव लौटकर रहने लगे थे। इस प्रेम विवाह को लेकर दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से तनाव और मनमुटाव चल रहा था।
शुक्रवार रात करीब 9 बजे दामाद सजल और उसकी सास बबली के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर सजल ने आपा खो दिया और पास रखे तमंचे से अपनी सास को गोली मार दी। गोली लगते ही बबली लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घर में चीख-पुकार मचते ही आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही नहटौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी सजल को हिरासत में ले लिया है और उसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा भी बरामद कर लिया है। ससुर फकीरचंद की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रेम विवाह के कारण दोनों पक्षों में आपसी रंजिश चल रही थी। शुक्रवार रात विवाद के दौरान आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।