Lok Sabha Election 2024: सपा हाईकमान ने नगीना सीट पर आजाद समाज पार्टी संस्थापक चंद्रशेखर को झटका दिया है।
Nagina Lok Sabha: समाजवादी पार्टी ने अनुसूचित समाज के वोटरों को साधने के लिए सुरक्षित नगीना लोकसभा सीट पर सियासी दांव खेला है। सपा हाईकमान ने नगीना सीट पर आजाद समाज पार्टी संस्थापक चंद्रशेखर को झटका दिया है। चंद्रशेखर समाजवादी पार्टी के गठबंधन के सहारे नगीना संसदीय सीट से ताल ठोक रहे थे। शुक्रवार 15 मार्च को भी उन्होंने यहां जनसभा की थी। लेकिन अखिलेश यादव ने यहां से पूर्व जज मनोज कुमार को चुनावी मैदान में उतार दिया है।
चंद्रशेखर आजाद के अखिलेश यादव के साथ मिलकर नगीना लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ने की बात कही जा रही थी। लेकिन समाजवादी पार्टी ने यहां से पूर्व अपर जिला जज एवं सत्र न्यायधीश मनोज कुमार को प्रत्याशी बनाया है। वह मूल रूप से चंदोली जिले के रहने वाले हैं।
ऐसा कहा जाता है कि मनोज कुमार पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कहने पर ही 17 वर्ष दो महीने और 13 दिन न्यायिक सेवा में रहने के बाद सितंबर 2023 में वीआरएस ले लिया। उस समय वे बिजनौर जिले में ही नियुक्त थे। वहीं अब उनके कैंडिडेट बनने से नगीना सीट से चंद्रशेखर आजाद के सपा के सहयोग से चुनाव लड़ने की संभावनाओं पर विराम लग गया है।