बिजनोर

पाकिस्‍तानी ‘तितली’ के कारण वेस्‍ट यूपी के इन जिलों में आया तूफान, दिन में हुआ अंधेरा और उखड़ गए पेड़

पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर और बिजनौर में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश
2 min read
• •
Updated: 11 Oct 2018, 1:06 PM IST
Weather
पाकिस्‍तानी 'तितली' के कारण वेस्‍ट यूपी के इन जिलों में आया तूफान, दिन में हुआ अंधेरा और उखड़ गए पेड़

बिजनौर। वेस्‍ट यूपी के कई जिलों में गुरुवार सुबह अचानक मौसम बदल गया। दिन में ही अंधेरा हो गया और तेज हवाएं चलने लगीं। कई जगह तो पेड़ तक उखड़ गए। मौसम वैज्ञानिकों ने इस बदले हुए मौसम के पीछे पाकिस्‍तानी तूफान 'तितली' को वजह बताया। मौसम विभाग ने पहले ही मौसम में इस तरह के बदलाव की संभावना जता दी थी।

इन जिलों में बिगड़ा मौसम

गुरुवार सुबह होते ही पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश के मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, सहारनपुर और बिजनौर में तेज हवाओं के बारिश होने लगी। इस दौरान ओले भी खूब पड़े। बिजनौर सहित अन्य जनपदों में अचानक से हुई तेज बारिश और तूफान से जहां धान की फसलों को नुकसान हुआ है, वहीं किसान के चहरे पर मायूसी छा गई है। जनपद के कई क्षेत्रों में ओले के साथ बारिश और तेज हवाओं ने रास्ते पर चल रहे राहगीरों को भी रुकने को मजबूर कर दिया। वहीं, कई जगह पेड़ गिरने के कारण बिजनौर-दिल्ली मार्ग पर एक-दो बड़े वाहन ही चलते नजर आए।

मौसम विभाग ने जारी की थी चेतावनी

आपको बता दें क‍ि मौसम वैज्ञानिकों ने मौसम में जबरदस्त बदलाव को लेकर चेतावनी जारी की थी, जो दोपहर बारह बजे तक सही साबित हो गर्इ। पाकिस्तानी तूफान 'तितली' को लेकर मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश आैर तूफान की अगले 24 घंटों में चेतावनी दी थी। मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में सुबह घना अंधेरा छा गया और ओलों के साथ तेज बारिया शुरू हो गई। वेस्ट यूपी में जिस तरह से मौसम अचानक बदला है, उससे बारिश आैर ठंड बढ़ने की संभावना बढ़ गर्इ है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है और बताया है कि ओडिशा में एक और समुद्री चक्रवात को लेकर आने वाले 24 घंटे काफी महत्वपूर्ण हैं।

दिन में छाया अंधेरा

गुरुवार को बिजनौर जनपद में अचानक काले बादलों ने दिन के उजाले को पूरी तरह से ढक लिया। तेज बारिश और हवाओं ने राहगीरो को रुकने के लिये विवश कर दिया। अचानक इस तूफान ने लोगों को ठंड का एहसास भी दिला दिया। शहर की सड़कों पर तेज बारिश की वजह से कई जगह जलभराव भी देखने को मिला है।

Published on: