बिजनौर में 45 वर्षीय किसान बाढ़ के पानी में बह गया जबकि 15 वर्षीय किशोर पानी में नहाने की काेशिश करते समय तेज बहाव में डूब गया। दोनों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बिजनौर पहाड़ों पर बारिश के बाद गंगा के बढ़े जलस्तर से गंगा किनारे बसे दो दर्जन से ज़्यादा गाँव में बाढ़ आ गई है। यहां जन जीवन अस्त व्यस्त हो चला है। बाढ़ की चपेट में आने से रामगंगा नदी में डूबने से एक किसान की मौत हो गई जबकि दूसरा बालक गंगा मे नहाते वक्त डूब गया। दोनों बचाने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इस घटना के बाद से दोनों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
बिजनौर में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बाद दो दर्जन से ज़्यादा गांव में घरों से लेकर सड़कों तक कई कई फ़ीट पानी भरा हुआ है। आलम ये है कि बाढ़ के आने से मेरठ जाने वाली सड़क पानी से टूट चुकी है। ग्रामीणों की गंगा किनारे फसलों में भरे पांच फ़ीट पानी से फसल बर्बादी की कगार पर पहुंच चुकी है।
मंगलवार काे दो लोगों की बाढ़ के पानी में बह जाने से मौत हो गई। 45 वर्षीय नाहर सिंह किसान की बाढ़ की चपेट में आने से मौत हो गई है जबकि रामगंगा नदी में नहाने गया 15 वर्षीय बालक अंकुश भी गंगा के बढ़े जलस्तर में बह गया । एसडीआरएफ व पीएसी के जवानों ने दोनों को बचाने की काफी कोशिश की लेकिन दोनों बह गए। पुलिस प्रशासन लगातार बाढ़ ग्रस्त इलाको में गश्त कर रहा है। लोगों को आगाह किया जा रहा है कि वह अकेले घर से बाहर ना निकले और नहाने ना जाए।