
बिजनौर. दिल्ली हिंसा के बाद जुमे की नमाज को देखते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं बिजनौर में जुमे की नमाज को देखते हुए चाहशीरी की जामा मस्जिद के आसपास भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। इसके साथ ही जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी मस्जिदों के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस उपद्रवियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों की सहायता ले रही है।
बता दें कि नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर को जुमे की नमाज के बाद बिजनौर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हिंसक प्रदर्शन हुए थे। उस दौरान जहां सावर्जनिक और प्राइवेट संपत्तियों को उपद्रवियों ने काफी नुकसान पहुंचाया था। वहीं हिंसा में अनस और सुलेमान की गोली लगने से मौत हो गई थी। हिंसक प्रदर्शन में पुलिस समेत कई लोग घायल हुए थे। वहीं, हाल ही में दिल्ली में भड़की हिंसा के बाद पश्चिम उत्तर प्रदेश के बिजनौर में जुमे की नमाज को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं।
क्षेत्र की चाहशीरी जामा मस्जिद समेत अन्य क्षेत्रों की जामा मस्जिद पर भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। उधर, बुल्ला के चौराहे के पास पुलिस चेकिंग के दौरान कुछ मकानों की छतों पर इकट्ठा ईंट-पत्थर को पुलिस ने हटाते हुए लोगों को सख्त हिदायत दी है। इसके साथ ही ड्रोन के माध्यम से छतों पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने किसी भी तरीके का कोई भी हिंसक प्रदर्शन न हो इसके लिए पहले से ही लोगों को चिन्हित कर रेड कार्ड और चेतावनी कार्ड जारी कर दिए हैं। पुलिस ने फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों को चेतावनी दी है कि अगर कोई भी व्यक्ति किसी भी तरह की हिंसा में शामिल होता है तो उसके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।