बिजनोर

घर में सो रही मालकिन की पीट-पीटकर हत्या के बाद फरार हुआ नौकर

बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र स्थित गारोपुर इलाके की घटना
2 min read
• •
Updated: 3 Jun 2020, 1:19 PM IST
bijnor.jpg

बिजनौर. घर में सो रही एक बुजुर्ग महिला की नौकर ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को जिला अस्पताल पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है। पता चला है कि बुजुर्ग महिला के साथ उसका नौकर रह रहा था। मृतका के परिजनों ने नौकर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। इस घटना के बाद से आरोपी नौकर घर से फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

बता दें कि नहटौर थाना क्षेत्र में गारोपुर इलाके में एक नौकर राजकुमार ने रुपये नहीं देने पर अपनी मालकिन उर्मिला देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी नौकर ने डंडे से सिर पर वार करके बुजुर्ग महिला उर्मिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि नौकर अपनी मालकिन से रुपए मांग रहा था। रुपए नहीं मिलने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी नौकर बचपन से ही उर्मिला के पास रहकर उनकी सेवा कर रहा था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के घरवालों की तहरीर पर आरोपी नौकर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फरार नौकर की तलाश शुरू कर दी है।

नहटौर थाने के इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश ने बताया कि बुजुर्ग महिला के घरवालों ने उसके घर में रह रहे राजकुमार नाम के नौकर के खिलाफ हत्या का शक जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर फरार नौकर की तलाश में जुट गई है। जल्द ही इस पूरे हत्या के घटनाक्रम का पुलिस खुलासा करेगी।

Published on: