
मुरादाबाद. उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बच्चों के मामूली विवाद में एक महिला की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसियों ने महिला की हत्या की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं मृतका के पति ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी है। फिलहाल पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी है।
दरअसल, यह घटना मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र स्थित जयंतीपुर की है। जहां मुरादाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लाल मस्जिद का रहने वाला फर्नीचर कारीगर शखावत किराए के एक मकान में रहता है। शखावत के अलावा उसके परिवार में पत्नी नूरजहां व चार बच्चे हैं। शखावत के मकान के सामने ही भोजपुर थाना क्षेत्र निवासी लतीफ का परिवार भी किराए पर ही रहता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात चप्पल चोरी को लेकर दोनों परिवारों के बच्चों में विवाद उत्पन्न हो गया था। उस दौरान लतीफ के बच्चों ने शखावत के एक बेटे को पीट दिया था। बेेटे की चीख सुनकर शखावत की पत्नी नूरजहां बाहर आ गई, जिसके बाद उसने अपने और लतीफ के बच्चों को फटकारते हुए अलग कर दिया।
यहां तक तो सब ठीक था, लेकिन जैसे ही नूरजहां ने लतीफ की पत्नी फिरोज से उसके बच्चों की शिकायत की तो लतीफ उसकी पत्नी फिरोज समेत बच्चों ने नूरजहां को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान नूरजहां बेहोश हो गई और आरोपी उसे नाले पास धक्का देकर भाग निकले। चीख-पुकार सुनकर अन्य पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत नूरजहां को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जयंतीपुर में जांच शुरू की। फिलहाल आरोपी परिवार फरार बताया जा रहा है। इस घटना के संबंध में एसएचओ मझोला राकेश कुमार सिंह का कहना है कि मृतका के पति शखावत ने लतीफ, फिरोज और बच्चों समेत चार के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बता दें कि जहां महिला की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या हुए वह जगह जयंतीपुर पुलिस चौकी से दो सौ मीटर ही दूर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मारपीट के दौरान चीख-पुकार काफी दूर तक सुनी जा सकती थी, लेकिन पुलिस को कतई सुनाई नहीं दी। इतना ही नहीं पुलिस को जब सूचना दी गई तो वह इसके काफी देर बाद मौके पर पहुंची।
Published on:
3 Jun 2020, 12:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.