बिजनौर में महिला की बाथरूम में मौत हो गई। वह होली खेलने के बाद नहाने गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
गाजियाबाद निवासी गुलजारी लाल शर्मा की बेटी आकांक्षा की शादी करीब एक साल पहले नांगल में हुई थी। उनके पति मनीष जोशी संविदा पर कंडक्टर के पद पर काम करते हैं।
परिजनों के मुताबिक, आकांक्षा होली खेलने के बाद नहाने गई थी। काफी देर तक जब वह बाथरूम से बाहर नहीं आईं तो परिजनों ने आवाज दी। कोई जवाब नहीं मिला, तो घरवालों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़ दिया। अंदर आकांक्षा बेहोश पड़ी मिलीं। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद आकांक्षा को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए। उन्होंने आकांक्षा की मौत को संदिग्ध बताया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, पहली नजर में गैस गीजर से दम घुटने की वजह से मौत लग रही है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। जांच के लिए बिसरा सुरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मृतका के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं।