
बिजनौर में चेन स्नैचिंग का पर्दाफाश..
Snatching Accused Arrested Bijnor:यूपी की बिजनौर पुलिस ने 23 अप्रैल को हुई छिनैती की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इन आरोपियों ने एक महिला के कानों से सोने के कुंडल झपटकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से लूटे गए कुंडल और घटना में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह सनसनीखेज घटना 23 अप्रैल की देर शाम कोतवाली शहर थाना क्षेत्र में हुई थी। पीड़ित के पुत्र नरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी माता रजो देवी घर से बाहर जा रही थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनके कानों से सोने के कुंडल झपट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का सहारा लिया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी।
पुलिस ने इस मामले में यूनुस पुत्र शराफत निवासी मोहम्मद नदीम कॉलोनी, ईदगाह रोड, थाना कुतुब शहर, सहारनपुर और फिरोज पुत्र मियाजान निवासी मोहल्ला जापतागंज अंसारी वाली गली, थाना नजीबाबाद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके पास से लूटे गए दो टूटे हुए कुंडल और घटना में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे आपस में ममेरे-फुफेरे भाई हैं और साथ मिलकर वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि तीन दिन पहले उन्होंने विदुर कुटी रोड के पास एक गली में महिला को निशाना बनाकर कुंडल छीने थे।
एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र में हुई इस छिनैती की घटना का सफल खुलासा कर लिया गया है। आरोपियों के पास से लूट का पूरा सामान और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है। पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
Published on:
26 Apr 2026 08:44 pm
बड़ी खबरें
View Allबिजनोर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
