
बिजनौर में रिश्तों का खून..
Bijnor Murder News: बिजनौर जिले के दीदा नगला गांव में गुरुवार को जमीनी विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया, जब एक भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। घटना के बाद आरोपी ने खुद थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय इशहाक पुत्र मांगलुद्दीन के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उसके सगे भतीजे शाने राजा पर लगा है। बताया जा रहा है कि शाने राजा मेरठ में आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर तैनात है। परिवार के अंदर लंबे समय से चल रहा विवाद इस हत्याकांड की मुख्य वजह बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह खेत पर ट्यूबवेल लगवाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। यह मामूली विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और शाम करीब 4 बजे मारपीट में बदल गया। इसी दौरान गुस्से में आकर शाने राजा ने अपने चाचा इशहाक पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी शाने राजा मौके से फरार हो गया था, लेकिन कुछ समय बाद उसने खुद ही थाने पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। इस घटनाक्रम ने पुलिस को भी चौंका दिया। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की तह तक जाने की कोशिश की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिषेक, सीओ सिटी संग्राम सिंह और शहर कोतवाल राम प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने बताया कि दीदा नगला गांव में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना मिली थी। घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने खुद थाने आकर आत्मसमर्पण कर दिया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Updated on:
23 Apr 2026 07:14 pm
Published on:
23 Apr 2026 07:14 pm
बड़ी खबरें
View Allबिजनोर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
