बिजनोर

रिश्तों की आड़ में लूट की साजिश: ससुराल में दामाद की दगाबाजी, बिजनौर में 40 किलो चांदी, 900 ग्राम सोना उड़ाया

Bijnor News: बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र में दामाद ने ससुराल में खाने में नशीली दवा मिलाकर सास-ससुर और पत्नी को बेहोश किया और करीब 40 किलो चांदी व 900 ग्राम सोने के जेवर लेकर फरार हो गया।

2 min read
Feb 28, 2026
बिजनौर में 40 किलो चांदी, 900 ग्राम सोना उड़ाया..

Son in law steals gold silver Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक दामाद ने अपने ही ससुराल में चोरी की साजिश रचते हुए सास, ससुर और पत्नी को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी घर में रखे कीमती सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गया।

ये भी पढ़ें

किसानों के मंच से चुनावी बिगुल: संभल में बोले डीपी यादव- राजनीति दुश्मनी नहीं, सेवा का माध्यम!

शादी के बाद से ही बिगड़ते रहे रिश्ते

पीड़ित सराफा व्यापारी संतोष वर्मा नहटौर थाना क्षेत्र में डाकघर के पास रहते हैं। उन्होंने लगभग डेढ़ साल पहले अपनी मूक-बधिर बेटी स्वाति की शादी हल्दौर क्षेत्र के कुम्हारपुरा निवासी नवीन कुमार उर्फ नवीन चौहान से की थी। शादी के कुछ समय बाद ही नवीन की बुरी आदतें और गलत संगत सामने आने लगी थीं। आए दिन घर में कलह होने लगी, जिसके चलते ससुराल पक्ष ने उसे घर से अलग कर दिया था।

माफी का नाटक और साजिश की तैयारी

कुछ दिन पहले नवीन ने अपनी गलतियों को स्वीकार करने का नाटक किया और ससुराल में दोबारा रहने की अनुमति मांगी। पारिवारिक मजबूरी और बेटी की हालत को देखते हुए संतोष वर्मा और उनके परिवार ने उसे फिर से घर में जगह दे दी। लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि यह माफी सिर्फ एक गहरी साजिश का हिस्सा थी और वह अंदर ही अंदर चोरी की पूरी योजना तैयार कर रहा था।

रात में रची गई बेहोशी की साजिश

आरोपी दामाद ने खाने में नशीली दवा मिला दी, जिससे सास रंजना देवी, ससुर संतोष वर्मा और पत्नी स्वाति बेहोश हो गए। घर के सभी सदस्य बेसुध पड़े थे और उसी मौके का फायदा उठाकर नवीन ने अलमारियों में रखे कीमती जेवरात और नकदी समेट ली। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ फरार हो गया।

40 किलो चांदी और 900 ग्राम सोना गायब

होश में आने के बाद जब परिवार ने घर की तलाशी ली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर से करीब 40 किलो चांदी और लगभग 900 ग्राम सोने के जेवरात के अलावा बड़ी मात्रा में नकदी गायब थी। पीड़ित संतोष वर्मा ने तुरंत नहटौर थाने में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया। दो दिन की कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने आरोपी दामाद नवीन चौहान और उसके तीन साथियों कुनाल, शिवम चौहान और शिवम सैनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

सभी आरोपी भेजे गए जेल

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। एसपी ग्रामीण प्रकाश कुमार ने बताया कि इस तरह की वारदातों में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि चोरी के शेष माल और अन्य सहयोगियों तक भी पहुंचा जा सके।

Also Read
View All

अगली खबर