BJP ने सपा के पूर्व सांसद को बनाया उम्‍मीदवार पश्चिमी उत्‍तर प्रदेश की राजनीति में हो सकता है बड़ा उलटफेर बुलंदशहर के गुलावठी के रहने वाले हैं सुरेंद्र नागर
बिजनौर। भारतीय जनता पार्टी ( BJP ) ने अभी हाल ही में पार्टी में शामिल हुए सपा के पूर्व सांसद को राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पूर्व सपा सांसद सुरेंद्र नागर के राज्यभा सदस्य बनाए जाने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राजनीति में बड़ा उलटफेर हो सकता है। सुरेंद्र नागर के भाई इस समय बसपा से सांसद हैं।
राज्यसभा उपचुनाव के लिए बनाया उम्मीदवार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बड़े गुर्जर नेताओं में गिने जाने वाले सुरेंद्र नागर को भाजपा ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। उनके भाजपा में जाने से पार्टी को गुर्जर वोटों का काफी फायदा हो सकता है। गौतमबुद्धगर और बुलंदशहर समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सुरेंद्र नागर का खासा प्रभाव है। कई बार भाजपा को घेरने वाले सुरेंद्र नागर अब खुद इस पार्टी का हिस्सा बन चुके हैं। इससे सपा को नुकसान होना तय है।
कांग्रेस से शुरू किया था करियर
सुरेंद्र नागर बुलंदशहर के गुलावठी के रहने वाले हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक करियर कांग्रेस से शुरू किया था। फिर वह बसपा में शामिल हुए। 2009 से 2014 तक वह बसपा के टिकट पर गौतमबुद्धनगर के सांसद रहे। इसके बाद उन्होंने सपा ज्वाइन कर ली। सपा की तरफ से उनको राज्यसभा भेजा गया था। अब वह सपा छोड़कर भाजपा के साथ आ चुके हैं। सुरेंद्र नागर के रिश्ते के भाई मलूक नागर इस समय बिजनौर से बसपा सांसद हैं। सुरेंद्र नगार के भाजपा में शामिल होने के बाद कुछ बसपा सांसदों के भाजपा में शामिल होने की चर्चा शुरू हुई थी। उसमें मलूक नागर की भी खबरें फैली थीं। हालांकि, उन्होंने कहा था कि वह बसपा का साथ नहीं छोड़ेंगे। अब फिर से इस तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।