
बिजनौर में घर तक पहुंचा गुलदार | AI Generated Image
Leopard Attacks Bijnor: यूपी के बिजनौर जिले के भूतपुरी क्षेत्र के गांव शाहपुर जमाल में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गुलदार अचानक एक ग्रामीण के घर के आंगन में घुस आया। उस समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, जबकि उनका पालतू कुत्ता आंगन में बैठा हुआ था। गुलदार ने आते ही कुत्ते पर हमला बोल दिया। इस दौरान कुत्ते ने बहादुरी दिखाते हुए गुलदार का डटकर सामना किया, जिससे परिवार के लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का समय मिल गया।
ग्रामीण ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे वह अपने परिवार के साथ घर में बैठे थे। तभी अचानक गुलदार आंगन में घुस आया और उनके पालतू कुत्ते पर झपट पड़ा। कुत्ते ने काफी देर तक गुलदार का मुकाबला किया और उसे रोकने की कोशिश की। हालांकि संघर्ष के दौरान कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में गुलदार उसे गर्दन से पकड़कर अपने साथ ले गया।
गुलदार और कुत्ते के बीच संघर्ष के दौरान परिवार के सभी सदस्य तुरंत घर के अंदर सुरक्षित स्थान पर चले गए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुत्ता गुलदार का सामना नहीं करता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। परिवार का मानना है कि उनके पालतू कुत्ते ने अपनी जान की परवाह किए बिना पूरे परिवार की सुरक्षा की।
परिवार के लोगों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंच गए। लेकिन तब तक गुलदार कुत्ते को अपने जबड़ों में दबाकर पास के गन्ने के खेत में ले जा चुका था। घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग शाम ढलते ही घरों में रहने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत घर के पास बनी पुलिया और आसपास के गन्ने के खेतों में पिछले कई दिनों से गुलदार की गतिविधियां देखी जा रही हैं। इसके बावजूद वन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है ताकि किसी बड़ी घटना को रोका जा सके।
वन क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है। टीम आसपास के इलाके की निगरानी कर रही है और जल्द ही गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा। विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर नहीं जाने की अपील भी की है।
बिजनौर के जलीलपुर क्षेत्र में भी सोमवार देर शाम गुलदार के हमले की एक और घटना सामने आई। गांव मीरापुर खादर निवासी हरपाल सिंह अपनी पत्नी सुनीता को दवाई दिलाकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे जैसे ही उनकी बाइक रसूलपुर नंगला और लेनपुरी गांव के बीच पहुंची, तभी गन्ने के खेत से निकले गुलदार ने अचानक हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुलदार ने सीधे सुनीता पर झपट्टा मारा, जिससे बाइक सड़क पर गिर गई। इसके बाद गुलदार ने महिला के पैर को अपने जबड़ों में दबोच लिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अचानक हुए हमले से दंपती घबरा गए, लेकिन हरपाल सिंह ने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया।
हरपाल सिंह के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों की आवाज सुनते ही गुलदार महिला को छोड़कर वापस गन्ने के खेत में भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से घायल सुनीता को पास के निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
एक ही दिन में दो अलग-अलग स्थानों पर गुलदार के हमलों की घटनाओं ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। ग्रामीणों का कहना है कि गन्ने के खेतों में गुलदार की मौजूदगी लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों का खेतों में जाना और रात के समय आवागमन करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीण वन विभाग से नियमित गश्त और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Updated on:
14 Jul 2026 08:56 pm
Published on:
14 Jul 2026 08:56 pm
