बिजनौर में प्यार की कहानी ने लिया खौफनाक मोड़-छह दिन पहले घर से भागे प्रेमी-प्रेमिका एक ही फंदे से लटके मिले। लड़की के हाथ गायब थे। खेत में मिले शवों ने पूरे गांव को सन्न कर दिया।
बिजनौर जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई। दारानगर गंज रोड के पास स्थित लक्खीवाला कृषि फार्म में एक युवक और किशोरी के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि दोनों पिछले छह दिन से घर से लापता थे। देर रात जब ग्रामीणों ने शव देखे तो सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे एसपी अभिषेक झा ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है।
पुलिस के अनुसार, युवक फंदे से लटका मिला जबकि किशोरी का शव नीचे जमीन पर पड़ा था। आशंका है कि दोनों ने एक ही रस्सी से फांसी लगाई होगी। लेकिन भार अधिक होने से रस्सी टूट गई और लड़की नीचे गिर गई। उसके गले में फंदा बंधा था। और हाथ गायब थे। अधिकारियों का कहना है कि संभवतः किसी जंगली जानवर ने उसके हाथ खा लिए।
दोनों की पहचान दारानगर निवासी 21 वर्षीय निखिल और 14 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई। बताया गया कि दोनों एक ही बिरादरी से थे। और एक साल से रिश्ते में थे। घरवालों ने शादी से इनकार कर दिया था। जिसके बाद 27 अक्टूबर को दोनों घर से भाग गए थे। परिवारों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी।
रविवार सुबह शवों की बरामदगी के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। निखिल की मां ने आरोप लगाया कि लड़की के घरवालों ने दोनों की हत्या कर लटकाया है। पुलिस ने हालांकि कहा है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जानकारी के अनुसार, निखिल के पिता की एक महीने पहले मृत्यु हुई थी। जबकि लड़की के पिता की दो साल पहले करंट लगने से मौत हो गई थी। दोनों ही परिवारों पर अब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।