बिजनोर

शराबी पतियों से परेशान महिलाओं ने ठेके के सेल्समैन को डंडा लेकर दौड़ाया, लगवाई उठक-बैठक

शराबी पतियों से परेशान महिलाओं ने शराब के सेल्समैन को डंडा लेकर दौड़ा लिया। महिलाओं ने सेल्समैन से उठक बैठक लगवाई।
less than 1 minute read
• •
Updated: 26 Feb 2023, 6:17 PM IST
शराबी पतियों से परेशान महिलाओं ने ठेके के सेल्समैन को डंडा लेकर दौड़ाया, लगवाई उठक-बैठक
शराब की दुकान के सेल्समैन को घेरकर ले जाती महिलाएं।

शराबी पतियों से तंग आकर महिलाओं ने शराब की दुकान पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने हाथों में लाठी डंडे लेकर शराब के सेल्समैन को घेर लिया। सेल्समैन किसी तरह से बचकर भागा तो उसको दौड़ा लिया।

महिलाओं ने सेल्समैन से उठक बैठक लगवाई। महिलाओं ने सेल्समैन से कहा कि अगर उसने गांव के किसी व्यक्ति को शराब दी तो उसकी खैर नहीं।

घटना थाना हीमपुर दीपा के गांव फतेहपुर कला की हैं। जहां महिलाओं ने हाथो में डंडे लेकर शराब की दुकान बंद कराने को लेकर धावा बोल दिया। शराब की दुकान पर पहुंचकर महिलाओं ने सेल्समैन रणवीर को शराब न बेचने को कहा।

महिलाओं ने वहां से दुकान हटाकर कहीं और ले जाने की सलाह दी। वहीं दूसरी ओर यदि दुकान पर कोई शराब खरीदने पहुंच रहा था तो महिलाएं लाठी-डंडों से उन्हें खदेड़ रही थी।

इतना ही नहीं महिलाओं ने सेल्स मैन को आगे से गांव के किसी भी व्यक्ति को शराब नहीं बेचने की बात कही। महिला सीमा देवी, मीरा, सुमन देवी, गंगो, रमन, राजेश्वरी, इंद्रो देवी, ओमवती देवी दर्जनों महिलाओं ने अपने पतियों पर शराब पीकर मारपीट का आरोप लगाया।

महिलाओं का कहना था कि यदि शराब की दुकान बंद हो जाए तो गांव में न तो चोरी होगी ना भैंस खुलेगी और ना ही मोटर चोरी होगी।
महिलाओं का आरोप था कि शराब के पैसे न होने पर लोग अपराध करते हैं। महिलाओं ने शराब बंद न करने को लेकर और दुकान को यहां से हटाने को लेकर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी।

Published on: