
बीकानेर . श्री जुबिली नागरी भंडार मंदिर परिसर रविवार को कविताओं, गीत व गजलों से गूंज उठा। मौका था श्री जुबिली नागरी भंडार के स्थापना दिवस एवं चार दिवसीय बंसतोत्सव के आगाज का। कार्यक्रम में रचनाकारों ने प्रकृति, जीवन-यथार्थ और समसामयिक विषयों से सराबोर कर दिया। कविता, शायरी, गजल की इस शाम में उर्दू की मिठास, राजस्थानी की ठसक और हिंदी कविता के सौंदर्य से श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए।
कार्यक्रम में लक्ष्मीनारायण रंगा ने आधुनिक बोध की गजल, 'ये कैसी रवायत है, घर-घर उगी अदावत है' पेश कर जीवन की जटिलता को रेखांकित किया। भवानीशंकर व्यास ने 'आस्था की महाआरती' के माध्यम से जीवन के कई पक्षों को रेखांकित किया। सरल विशारद ने अपनी हिंदी कविता 'गिरते हुए पत्ते भी करते हैं हुंकार' की प्रस्तुति देते हुए जीवन के यथार्थ को बखूबी रेखांकित किया। कमल रंगा ने 'थूं राजी हुयर हरख मना है,ं ओळूं मांझै रै पाण...', शंकरसिंह राजपुरोहित ने 'मिनख रो माण कठै?' रचनाएं सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम में शमीम बीकानेरी, डॉ. चंचला पाठक, मनीषा आर्य सोनी, माजिद खां गौरी, सरदार अली पडि़हार, मधुरिमा सिंह, नरपत सिंह सांखला, राजेन्द्र स्वर्णकार, शिवशंकर भादाणी आदि ने भी रचनाएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम में संस्था के नंदकिशोर सोलंकी ने चार दिवसीय समारोह की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। विद्यासागर आचार्य, डॉ.गिरिजा शंकर शर्मा ने कवि व शायरों का स्वागत किया।
'यथार्थ से रूबरू कराते हैं चित्र'
बीकानेर. श्री जुबली नागरी भंडार ट्रस्ट के 111वें स्थापना दिवस एवं चार दिवसीय बसंतोत्सव के शुभारंभ अवसर पर रविवार को फ ोटो कला प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि यूआईटी सचिव आरके जायसवाल ने बताया कि चित्रों के माध्यम से मानवीय जीवन के कई रंगों की छवियां यथार्थ से रूबरू कराती है।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष विद्यासागर आचार्य, डॉ. गिरजाशंकर शर्मा, नंद किशोर सोलंकी ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कवि कमल रंगा, आनंद वि आचार्य, कासिम बीकानेरी, संजय पुरोहित, सन्नू हर्ष आत्माराम भाटी, शिव शंकर भादाणी, शिवाजी आहूजा, कुलदीप सिंह गहलोत सहित अनेक लोगों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी 23 जनवरी तक सुबह से शाम तक नागरी भंडार स्थित सुदर्शना कला दीर्घा में जारी रहेगी।