
Minor Girl Rape And Murder Case: बीकानेर जिले के रणजीतपुरा थाना इलाके में एक आठवीं की छात्रा का अर्द्धनग्न अवस्था में शव मिला। किशोरी का बलात्कार करने के बाद हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। घटना का पता चलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण आक्रोशित है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारी लाल मीणा ने बताया कि रणजीतपुरा थाना क्षेत्र में रहने वाली 13 वर्षीय किशोरी शनिवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल गई लेकिन शाम तक वापस नहीं आई। इस पर परिजनों व ग्रामीणों ने तलाश शुरू की तो रणजीतपुरा से गौडू जाने वाली भारत माला सड़क किनारे रोही में किशोरी का शव अर्द्धनग्न अवस्था में मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी ने मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लिया और उच्चाधिकारियों को घटनाक्रम से अवगत कराया।
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि प्रथमदृष्टया आशंका है कि 13 वर्षीय किशोरी के साथ बलात्कार करने के बाद चुन्नी से गला घोंटकर हत्या की गई है। एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को मौके पर बुलाया गया है। घटना को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक 13 वर्षीय किशोरी ढाणी से दो किलोमीटर दूर स्थित स्कूल जाती थी। वह आठवीं में अध्यन्नरत थी। शनिवार को सुबह करीब साढ़े 11 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली। करीब पौने दो बजे स्कूल से किशोरी के स्कूल नहीं आने की सूचना मिली। इस पर परिजनों व ग्रामीणों ने तलाश शुरू की। परिजनों ने पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। ग्रामीण व परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शव उठाने पर अड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने किशोरी के साथ हुई घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र चल रहा है। प्रदेश में हर दिन गंभीर आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पुलिस महानिदेशक से दूरभाष पर वार्ता कर किशोरी के हत्यारों को गिरफ्तार कर पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने को कहा है। वहीं पूर्व मंत्री भंवरसिंह भाटी ने भी घटना को लेकर रोष जताया है।
इस पूरे मामले में सरकार को घेरने की तैयारी की जा रही है। राजनेताओं ने जंगलराज की संज्ञा दी है। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और कांग्रेस नेता गोविंद डोटासरा ने इसे जंगलराज बताया है और सरकार को घेरा है। उधर कानून मंत्री ने इस बारे में एसपी से बातचीत की।