21 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: 20 घंटे बाद आनी थी बारात, डोली में होना था विदा, लेकिन अर्थी सजी, 2 बहनों की आत्महत्या मामले में चौंकाने वाला खुलासा

Suicide Before Marriage: जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र के मणाई गांव में दो सगी बहनों की शादी से पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई, जिससे खुशियों भरे घर में मातम छा गया।

3 min read
Google source verification
Suicide, Suicide in Jodhpur, Suicide before marriage, Suicide of two sisters, Suicide of two sisters in Jodhpur, Suicide of two sisters in Rajasthan, Jodhpur News, Rajasthan News, सुसाइड, सुसाइड इन जोधपुर, शादी से पहले सुसाइड, दो बहनों का सुसाइड, दो बहनों का सुसाइड इन जोधपुर, दो बहनों का सुसाइड इन राजस्थान, जोधपुर न्यूज, राजस्थान न्यूज

मृतक बहनें। फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। सूरसागर थानान्तर्गत मणाई गांव के एक मकान में दो बहनों की शादी को लेकर खुशियों का माहौल था। घरवाले व रिश्तेदारों ने बंदोली में जमकर नृत्यु किए थे, लेकिन कुछ ही देर में यह खुशियां मातम में बदल गईं। बारात आने से बीस घंटे पहले ही दोनों दूल्हन बहनों की मृत्यु हो गई। प्रथम दृष्टया पुलिस को आशंका है कि जहरीला पदार्थ खाकर दोनों ने आत्महत्या की है। कारण अभी पता नहीं लग पाया है, लेकिन दोनों के शादी से नाखुश होने की आशंका जताई गई है।

थानाधिकारी हरीशचन्द्र सोलंकी ने बताया कि मणाई गांव निवासी दीपसिंह की पुत्री शोभा (25) और विमला (23) की जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु हुई है। अब तक की जांच से अंदेशा है कि दोनों ने आत्महत्या की है। इस संबंध में सुबह छह बजे सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल, एमओबी व डॉग स्क्वॉयड बुलाकर जांच कराई गई। तत्पश्चात शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी भेजे गए, जहां मर्ग दर्ज करने के बाद मेडिकल बोर्ड गठित कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया।

विसरा की एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि दोनों ने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया। मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या का कोई कारण पता नहीं लगा है। दोनों बहनों की करीब 20 घंटे बाद ही बारात आनी थी और शादी होनी थी। आइपीएस अधिकारी व एडीसीपी (पश्चिम) रोशन मीणा, सहायक पुलिस आयुक्त (प्रतापनगर) रविन्द्र बोथरा भी मौके पर पहुंचे व जांच की।

शाम को घृतपान, रात को बंदोली, देर रात मौत

शोभा व विमला की सगाई पोकरण के पास जैमला गांव में दो चचेरे भाईयों से हो रखी थी। शनिवार रात दोनों की बहनों की शादी होनी थी। शुक्रवार शाम घी पिलाने के साथ ही शादी की रस्में शुरू हो गईं थी। रात को बंदोली थी। जिसमें सभी परिजन, रिश्तेदार और आस-पास के लोगों ने नृत्य किए। शाम को दोनों बहनों काे जी मिचलाने की शिकायत हुई थी। बंदोली समाप्ति पर रात साढ़े बारह बजे तबीयत अधिक खराब हो गई थी।

गांव में ही रहने वाले कम्पाउण्डर बुलाकर जांच कराई गई थी। बीपी कम होने पर कम्पाउण्डर ने दोनों को अस्पताल ले जाने की सलाह दी थी। कुछ देर बाद दोनों बहनें अचेत हो गईं थी। रात दो-ढाई बजे दोनों बहनों को प्रतापनगर रॉयल्टी नाका के पास निजी अस्पताल लाया गया था, जहां उनकी मृत्यु हो गई थी। इससे शादी वाले घर में मातम सा छा गया था।

चार-पांच दिन से गुमसुम थी, पढ़ाती थी दोनों बहनें

दीपसिंह की चार बेटियां हैं। बड़ी बेटी की शादी हो रखी है। एक छोटी बेटी और है। शोभा व विमला ने बीएड कर रखी थी। दोनों निजी स्कूल में पढ़ाती थी। पिछले चार-पांच दिन से दोनों काफी गुमसुम रहने लगी थी, लेकिन किसी ने कारण जानने का प्रयास नहीं किया था।

मौके से गोलियां जब्त, शव नीले हुए

पुलिस ने घटनास्थल की तलाशी ली, जहां से कोई संदिग्ध सामग्री या जहरीला पदार्थ नहीं मिला। हालांकि सामान्य दर्द निवारक व अन्य दवाईयां मिली हैं। जिनके संबंध में जांच की जा रही है। पुलिस ने दवाइयों के ओवरडोज की आशंका से इनकार नहीं किया है। दोनों के शव नीले हो चुके थे। इससे जहरीला पदार्थ खाने से मृत्यु होने का अंदेशा है।

पहली सगाई टूटी, दूसरी सगाई से नाखुश थी

दोनों बहनों की संदिग्ध हालात में मौत पर मामा जसवंतसिंह ने संदेह जताया। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले शोभा व विमला की सगाई जालोर के भीनमाल में एक ही परिवार में की गईं थी, लेकिन बाद में यह रिश्ते टूट गए थे। फिर दोनों की सगाई जैमला गांव में दो भाइयों से की गई थी। संभवत: दोनों बहनें इन रिश्तों से नाखुश थी और इसी वजह से आत्महत्या की।

अंतिम संस्कार की तैयारी में थे परिजन

मामा का आरोप है कि तबीयत खराब होने के बावजूद दोनों बहनों को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया गया था। सुबह पांच बजे छोटी बहन ने फोन कर दोनों बहनों की मृत्यु के बारे में सूचित किया था। परिजन बगैर पुलिस कार्रवाई के अंतिम संस्कार करवाना चाहते थे, लेकिन मामा ने सुबह पुलिस को सूचना दी थी। तब पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई के बाद शव मोर्चरी भिजवाए थे। मामा ने मृत्यु पर अंदेशा जताया है। हालांकि मामा की बहन-बहनोई के परिवार से अनबन चल रही थी।