तेज गति से चल रही कार अनियंत्रित होकर मील के पत्थर से टकराने के बाद नीम के पेड़ से टकरा गई।
बीकानेर/ कुचेरा. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 89 पर जुंजाला के पास मंगलवार दोपहर में तेज गति से चल रही कार अनियंत्रित होकर मील के पत्थर से टकराने के बाद नीम के पेड़ से टकरा गई। इससे कार में सवार महिला की मौत हो गई। चालक घायल हो गया। उन्हें एम्बुलेंस 108 से मूण्डवा अस्पताल पहुंचाया।
एम्बुलेंस 108 के चालक सुरेंद्र लोयल व रणसुख बुटाटी ने बताया कि बीकानेर की गांधी कॉलोनी निवासी सन्तोष मित्तल (60) पत्नी सुरेश कुमार कार में अजमेर की तरफ जा रहे थी। कार को चालक इंदिरा कॉलोनी बीकानेर निवासी जोगेंद्र सिंह (26) पुत्र मदन सिंह चला रहा था। जुंजाला से करीब एक किलोमीटर दूर मूण्डवा की तरफ कार अनियंत्रित होकर माइल स्टोन को उखड़ते हुए हवा में उठ गई और नीम के पेड़ की बड़ी शाखा में अटक गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि एकबारगी धमाके के साथ मिट्टी के गुबार उड़े, जिसमें कुछ दिखाई नहीं पड़ा। बाद में पास के ही धर्मकांटा से दौडकऱ आए कर्मचारियों व वाहन चालकों की मदद से दोनों को कार में से निकाल कर एम्बूलेंस से मूण्डवा अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने संतोष को मृत घोषित कर दिया। चालक जोगेंद्र सिंह का मूण्डवा चिकित्सालय में उपचार जारी है।
अधिकारियों के घरों से चार सांप पकड़े
बीकानेर. एसपी मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. आरपी अग्रवाल सहित तीन अधिकारियों के घरों में मंगलवार को सांप घुस गए। सांप घुसने से घर-परिवार के सदस्य भयभीत हो गए। डर के मारे के घर के सदस्य बाहर निकल आए। बाद में युवा सर्वधर्म सेवाकर्ता संस्था अध्यक्ष मोहम्मद इकबाल ने सांपों को पकड़ा।
इकबाल ने डॉ. अग्रवाल के घर, जेएनवी कॉलोनी स्थित डीवाईएसपी अजयसिंह शेखावत एवं पीबीएम अस्पताल परिसर में जनाना विभागाध्यक्ष डॉ. सुदेश अग्रवाल के निवास से वाइपर सांप को पकड़ा। पटेलनगर में खण्डेलवाल टेन्ट हाउस के पास एक दुकान में सांप घुस गया। उसे भी इकबाल को पकड़ा। यहां सांप को एक गाड़ी में रस्सी से बांध दिया, जिसे इकबाल ने बमुश्किल रस्सी से खोलकर सांप को पकड़ा। इकबाल ने अब तक १६९९ सांप व ४४ गोयरे पकड़ कर वन विभाग को सौंप चुका है।