
गांववालों और पुलिस के साथ सुभाष (पत्रिका फोटो)
बीकानेर: सड़क हादसे में घायल युवक की मौत की रिपोर्ट दर्ज होने और उसके पीबीएम अस्पताल से लापता होने के घटनाक्रम के बीच पुलिस ने 58 घंटे की तलाश के बाद उसे ढूंढ़ निकाला। युवक बुधवार शाम को गंगाशहर में मिला। एक मेडिकल स्टोर संचालक ने उसे सड़क पर घूमते देखा और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस के अनुसार, युवक नशे का आदी होने के साथ मानसिक रोग से भी ग्रसित है और अस्पताल में उपचार के दौरान बिना बताए चला गया था।
जानकारी के अनुसार, सुभाष के पिता की रिपोर्ट पर पदमपुर थाना पुलिस ने मोहन सिंह के खिलाफ सड़क दुर्घटना का मामला दर्ज किया था। रिपोर्ट में हादसे में सुभाष की मौत होने का उल्लेख था। बाद में पता चला कि सुभाष की मौत नहीं हुई थी, बल्कि वह बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान बिना बताए चला गया था। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
पीबीएम पुलिस चौकी प्रभारी साहबराम डूडी के अनुसार, परिजनों ने युवक की स्थिति के बारे में शुरुआत में पूरी जानकारी नहीं दी थी। सुभाष नशे का आदी होने के साथ मानसिक रोग से भी ग्रसित है। पदमपुर थाना पुलिस और परिजन जब बीकानेर पहुंचे, तब पता चला कि युवक की मौत नहीं हुई है, बल्कि वह अस्पताल से लापता है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी। पुलिस का कहना है कि युवक की स्थिति की जानकारी पहले मिल जाती तो तलाश में मदद मिल सकती थी।
पुलिस चौकी प्रभारी साहबराम डूडी ने बताया कि युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई थीं। शहर के विभिन्न इलाकों के व्हाट्सएप ग्रुप में उसकी तस्वीर भी प्रसारित की गई थी। बुधवार शाम को गंगाशहर में एक मेडिकल स्टोर संचालक ने सुभाष को सड़क पर घूमते देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले आई।
सुभाष की तलाश में उसके गांव से करीब 25 से 30 लोग बीकानेर आए हुए थे। उसके पड़ोसी अनिल ने बताया कि सुभाष के मिलने से उसके माता-पिता ने राहत की सांस ली है। युवक के सुरक्षित मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है। अब परिजन उसे अपने साथ गांव ले गए।
Updated on:
15 Oct 2026 10:49 am
Published on:
15 Oct 2026 10:49 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
