
बीकानेर. विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय नेताओं के संभाग में पगफेरा बढ़ता जा रहा है। भाजपा जहां पहली बार राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का बीकानेर में शक्ति केन्द्र संयोजक और प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन करवा रही है, वहीं भाजपा अध्यक्ष के दौरे के जवाब में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की बीकानेर में सभा कराने के प्रयास में जुट गई है। हालांकि संगठनात्मक तैयारियों में अभी भाजपा कांग्रेस पर भारी पड़ रही है। भाजपा अध्यक्ष शाह का बीकानेर दौरा ४ अक्टूबर को दोपहर बाद प्रस्तावित है। इसकी तैयारी की बागडोर संगठन के हाथ में है।
मोटे तौर पर महामंत्री कैलाश मेघवाल, सुजानगढ़ के पूर्व विधायक और बीकानेर देहात प्रभारी रामेश्वर भाटी, शहर जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य और देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद की टीम के पास जिम्मेदारी है। संभाग स्तरीय प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के लिए ४५० लोगों की सूची तैयार की गई है। इसमें भाजपा के अनुवांशिक संगठन, सोशल एक्टिविस्ट के साथ पहली पंक्ति में बीस उन उम्रदराज लोगों को बैठाया जाएगा, जो जनसंघ से भाजपा के गठन, अटल बिहारी वाजपेयी और दीनदयाल उपाध्याय के साथ काम कर चुके हैं। इसी तरह शक्ति केन्द्र सम्मेलन में संभाग के १८ विधानसभा क्षेत्रों (चूरू जिले को छोड़कर) के ३४०० बूथों पर बने शक्ति केन्द्रों के प्रभारियों को शामिल किया जाएगा।
कांग्रेस के नेता सक्रिय
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के जवाब में कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने प्रदेश संगठन को राहुल गांधी की ९ अक्टूबर को प्रदेश में प्रस्तावित सभा को बीकानेर में कराने का प्रस्ताव दिया है। सूत्रों के अनुसार सभा बीकानेर संभाग के चारों जिलों में से किसी एक में कराई जानी है। अब २३ या २४ सितम्बर को प्रदेश चुनाव कार्य समिति की बैठक में जगह तय की जाएगी।
डैमेज कंट्रोल में जुटे
भाजपा अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को लेकर पार्टी में अंदरूनी राजनीति गर्मा चुकी है। खासकर शहर और देहात जिलाध्यक्ष अपने से नाराज उन नेताओं को साधने का प्रयास कर रहे हैं, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष को उनकी शिकायत कर सकते हैं। वे किसी तरह डैमेज कंट्रोल में जुटे हुए हैं। खासकर देहात में जिलाध्यक्ष के कुछ विरोधी लोग एकजुट होकर शिकायत करने की तैयारी में हैं।
पहली बार अध्यक्ष रहते संगठनात्मक दौरा
भाजपा की चुनावी सभाओं में राष्ट्रीय स्तर के कई नेता बीकानेर जिले में आते रहे हैं, लेकिन अमित शाह एेसे बड़े नेता हैं, जो राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालते हुए पहली बार संगठनात्मक बैठक के लिए यहां आएंगे। हालांकि कांग्रेस में सोनिया गांधी सहित कई नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रहते बीकानेर का दौरा कर चुके हैं।