Bikaner Road Accident: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार एक युवक का शव दो टुकड़े में बंट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस सड़क पर बिखरे बॉडी पाट्र्स को बोरी में भरकर ले गई।
बीकानेर जिले में सोमवार रात करीब 11 बजे कोलायत से दो किलोमीटर दूर कोलायत-झझू ग्रामीण सड़क पर जोरदार हादसा हुआ। हादसे में ट्रेलर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार का शरीर दो टुकड़े में बंट गया।
बता दें कि रोड पर उसके पेट के ऊपर का हिस्सा अलग और नीचे का हिस्सा अलग जा गिरा। सड़क खून से लाल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस भी सकते में आ गई और शव को समेटकर बोरियों में भरकर ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने शव को कोलायत के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। वहीं, मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
बीकानेर में चक विजयसिंहपुरा गांव निवासी संपत नायक (30) पुत्र भंवरलाल सोमवार रात झझू गांव से बाइक पर सवार होकर कोलायत जा रहा था। संपत मजदूरी और ड्राइवरी का काम करता था। इस दौरान रात 11 बजे सामने से आ रहे ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी।
संपत को इतनी तेज टक्कर लगी कि उसके दो टुकड़े हो गए। ऊपर का हिस्सा 10 फीट दूर जाकर गिरा। ट्रेलर का ड्राइवर गाड़ी भगा ले गया। कुछ दूर जाकर वह ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया। संपत की मौके पर ही मौत हो गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने एक्सीडेंट देख कोलायत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया और संपत के परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल लखपत ने बताया, शव की हालत बहुत बुरी थी। सड़क पर खून फैला था। दोनों हिस्से अलग होकर दूर गिरे थे। शव ले जाने के लिए बोरी मंगवाई गई, पुलिस कार्रवाई कर रही है।