बीकानेर

Bikaner News: श्रीडूंगरगढ़ में पारिवारिक कलह में मां ने मासूम बेटी संग डिग्गी में लगाई छलांग, दोनों की मौत

Bikaner News: बीकानेर में श्रीडूंगरगढ़ के जालबसर गांव में खेत की डिग्गी में डूबने से 36 वर्षीय विवाहिता सावित्री और उसकी 6 वर्षीय बेटी ज्योति की मौत हो गई। साथ मौजूद 8 वर्षीय विकास को ग्रामीणों ने सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाकर जांच शुरू की है।
2 min read
Jun 30, 2026
Bikaner News
श्रीडूंगरगढ़: वह डिग्गी जिसमें डूबे मां-बेटी (पत्रिका फोटो)

Bikaner Mother-Daughter Death: श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर): राजस्थान के बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मंगलवार को एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से 36 वर्षीय विवाहिता और उसकी 6 साल की मासूम बेटी की मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से एक 8 वर्षीय बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

ग्रामीणों ने एक मासूम को सुरक्षित बचाया

मिली जानकारी के अनुसार, जालबसर गांव के पास स्थित एक खेत की डिग्गी में सावित्री (36) पत्नी हनुमानराम जाट और उसकी 6 वर्षीय पुत्री ज्योति अचानक डूब गईं। इसी दौरान वहां मौजूद 8 वर्षीय बालक विकास पानी की सतह पर तैरता हुआ दिखाई दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी मशक्कत के बाद विकास को समय रहते पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, ग्रामीणों के तमाम प्रयासों के बावजूद सावित्री और उसकी मासूम बेटी ज्योति को नहीं बचाया जा सका और दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही श्रीडूंगरगढ़ थाने के एएसआई महेश कुमार पुलिस जाब्ते के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से काफी प्रयासों के बाद मां-बेटी के शवों को डिग्गी से बाहर निकलवाया। दोनों शवों को तुरंत उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

एएसआई महेश कुमार ने बताया कि मृतका सावित्री के पीहर पक्ष (गांव ऊपनी) के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। उनके मौके पर पहुंचने के बाद ही शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा और नियमानुसार अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।

घरेलू कलह की आशंका

प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, इस खौफनाक कदम के पीछे घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते विवाहिता ने अपनी बेटी के साथ डिग्गी में छलांग लगा दी। बहरहाल, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच शुरू कर दी है ताकि घटना के असली कारणों का पता लगाया जा सके।

Published on:
30 Jun 2026 09:45 pm