30 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान: 3 महीने बाद मिला नाबालिग प्रेमिका का कंकाल, दूसरी लड़की से शादी तय होने पर प्रेमी ने मार डाला

Morena Girl Found in Dausa: मध्यप्रदेश के मुरैना से तीन महीने पहले लापता नाबालिग की हत्या का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर राजस्थान के दौसा जिले से कंकाल बरामद किया। पुलिस के अनुसार, दूसरी शादी का विरोध करने पर विवाद हुआ, जिसके बाद हत्या कर शव दफना दिया गया।
2 min read
Google source verification

दौसा

image

Arvind Rao

Jun 30, 2026

Morena Girl Found in Dausa

घटना स्थल पर मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस की टीम (फोटो एक्स)

Rajasthan Dausa Crime: मध्यप्रदेश के मुरैना जिले से तीन महीने पहले लापता हुई एक नाबालिग लड़की की हत्या का बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी प्रेमी ने अपनी दूसरी जगह शादी तय होने के बाद प्रेमिका की हत्या कर दी और उसके शव को राजस्थान के दौसा में जमीन के नीचे छिपा दिया। मध्यप्रदेश और राजस्थान पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर जमीन में दफनाया गया करीब तीन महीने पुराना शव बरामद कर लिया है।

मार्च में लापता हुई थी नाबालिग

यह पूरा मामला मुरैना जिले के नगरा थाना क्षेत्र के राजोदा गांव का है। यहां रहने वाली एक नाबालिग लड़की बीते 28 मार्च 2026 को अचानक अपने घर से गायब हो गई थी। लड़की के परिवार वालों ने गांव के ही एक युवक बृजेश राठौड़ पर शक जताते हुए उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई कि दोनों के बीच प्रेम-संबंध थे। हालांकि, लड़की के पास मोबाइल फोन न होने की वजह से पुलिस को उसकी सही लोकेशन पता करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।

शादी की खबर मिलते ही पुलिस ने दबोचा

मामले में मोड़ तब आया, जब पुलिस को आरोपी की शादी होने की खबर मिली। सब-इंस्पेक्टर एसएस चौहान ने बताया कि 26 जून को जैसे ही पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बृजेश राठौड़ की शादी हो गई है, पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर इस पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ। आरोपी पहले राजस्थान के दौसा में मजदूरी का काम करता था। इसलिए मध्यप्रदेश की पुलिस टीम उसे लेकर दौसा पहुंची। वहां की स्थानीय कोतवाली पुलिस और तहसीलदार के सहयोग से आगे की कार्रवाई की गई।

विवाद के बाद की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी बृजेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि नाबालिग लड़की उसकी प्रेमिका थी। जब उसकी शादी दूसरी लड़की से तय हो गई, तो प्रेमिका इस बात का लगातार विरोध कर रही थी और उससे जवाब मांग रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच भारी झगड़ा और विवाद हुआ। गुस्से में आकर आरोपी ने लड़की की हत्या कर दी और पहचान छुपाने के लिए शव को दौसा में जमीन के अंदर दफन कर दिया।

डीएनए टेस्ट से होगी पहचान की पुष्टि

पुलिस ने आरोपी की बताई जगह की खुदाई करके शव को बाहर निकाल लिया है। तीन महीने बीत जाने के कारण शव पूरी तरह से सड़-गल चुका है और कंकाल में बदल गया है। अब शव की सही और वैज्ञानिक पहचान करने के लिए पुलिस उसका डीएनए टेस्ट करवाएगी। फिलहाल, फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी बृजेश राठौड़ का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह पहले भी एक दूसरी लड़की को भगाने के आरोप में मध्यप्रदेश की जेल में बंद रह चुका है। पुलिस अब इस हत्याकांड के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।