बीकानेर

Bikaner Crime: युवती से मिलने घर गए युवक की इलाज के दौरान मौत, मारपीट का मामला अब हत्या में तब्दील

Bikaner Murder Case: राजस्थान के बीकानेर जिले में युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। जसरासर थाना क्षेत्र में युवती से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।
2 min read
Jun 18, 2026
Kuldeep Bishnoi
मृतक कुलदीप बिश्नोई। फोटो: पत्रिका

बीकानेर। राजस्थान के बीकानेर जिले में युवक की पीट-पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। जसरासर थाना क्षेत्र में युवती से मिलने उसके घर पहुंचे एक युवक की कथित तौर पर बेरहमी से पिटाई करने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक कई दिनों से गंभीर हालत में जोधपुर एम्स में भर्ती था, जहां बुधवार को उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत के बाद अब मामले में पुलिस ने हत्या की धारा जोड़कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार युवक जसरासर क्षेत्र के एक गांव में युवती से मिलने उसके घर गया था। इस दौरान युवती के परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि परिजनों ने युवक को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे जोधपुर एम्स रेफर कर दिया।

जिंदगी की जंग हार गया युवक

एम्स जोधपुर में कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार को युवक की मौत हो गई। थानाधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि मामले में पहले ही तीन महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका जिसमें दो नाबालिगों को निरुद्ध किया गया था। अब युवक की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

युवती ने भी मृतक के खिलाफ केस दर्ज करवाया

गौरतलब है कि इस घटनाक्रम से जुड़े मामले में युवती ने भी मृतक युवक के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकियां देने के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।

लाठी से हमला कर युवक को किया गंभीर घायल मामला दर्ज करवाया

जसरासर थाना क्षेत्र के कुचौर अगुणी गांव में युवक पर लाठी से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार किरताराम मेघवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 जून को उसका पुत्र परमेश्वर लाल सब्जी लेकर लौट रहा था। इस दौरान रामदेवजी मंदिर के पास भागीरथ ने लाठी से उसके सिर, हाथ, पैर और पीठ पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल परमेश्वर लाल को बेहोशी की हालत में पीबीएम अस्पताल बीकानेर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
18 Jun 2026 12:32 pm
Published on:
18 Jun 2026 12:32 pm