
Bikaner : बीकानेर नगर निगम के नवनिर्वाचित उप महापौर पंकज गहलोत ने गुरुवार को कार्यभार संभालते ही शहर की मूलभूत समस्याओं को अपनी प्राथमिकता में रखा। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों के सहयोग और समन्वय से शहर के विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता है। सफाई व्यवस्था सुधारने, सड़कों के गड्ढे भरवाने और सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे चौबीसों घंटे उपलब्ध रहेंगे।
पंकज गहलोत ने कहा कि पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और पार्षदों के साथ रैली के रूप में नगर निगम पहुंचे पंकज गहलोत का निगम परिसर में स्वागत किया गया। कार्यभार संभालने से पहले उन्होंने निगम के मुख्य द्वार पर सिर झुकाकर प्रणाम किया। इसके बाद उप महापौर कक्ष में धर्मपत्नी के साथ पूजा-अर्चना की और विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार संभालने के बाद पंकज गहलोत भाजपा पार्षदों के साथ नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानिचामी से मिले। उन्होंने शहर की सड़कों और मार्गों पर जगह-जगह जमा कचरे की ढेरियों और गंदगी का मुद्दा उठाते हुए कचरा परिवहन व्यवस्था जल्द सुचारू करने की मांग की। आयुक्त ने बताया कि नई फर्म ने काम शुरू कर दिया है और जल्द ही कचरा परिवहन के लिए कुछ और वाहन उपलब्ध होंगे। इसके बाद व्यवस्था के सुचारू होने की उम्मीद है। इस दौरान पार्षद भगवान सिंह मेडतिया, विक्रम सिंह, भगवती प्रसाद गौड़, राजेन्द्र शर्मा और आनंद सोनी सहित अन्य मौजूद रहे।
उप महापौर के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में मंच पर शहर भाजपा अध्यक्ष सुमन छाजेड़, विजय आचार्य, सत्य प्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, महावीर रांका, गोपाल गहलोत, पार्षद सुरेन्द्र सिंह शेखावत, भगवान सिंह मेडतिया और श्याम सिंह हाडला मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन वेद व्यास ने किया।
उप महापौर के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम में बीकानेर पूर्व और बीकानेर पश्चिम के दोनों विधायक मौजूद नहीं रहे। पंकज गहलोत के अनुसार विधायक जेठानंद व्यास बीकानेर से बाहर हैं। पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी भी कार्यक्रम में नजर नहीं आईं।
बीकानेर नगर निगम के नवनिर्वाचित महापौर अनिल कल्ला ने गुरुवार को शुभ मुहूर्त में कार्यभार संभालते ही शहर की सफाई व्यवस्था को अपनी पहली प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान राजनीतिक विचारधाराएं अलग हो सकती हैं, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद सभी पार्षद जनता के प्रतिनिधि हैं। अब सभी के सहयोग से शहर के चहुंमुखी विकास का रोडमैप तैयार किया जाएगा।