
बीकानेर. बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह सोमवार को रवींद्र रंगमंच में आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल कलराज मिश्र करेंगे। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय प्रत्यायन बोर्ड (एनबीए) के अध्यक्ष प्रो. कृष्ण किशोर अग्रवाल होंगे। इस अवसर पर स्वामी विवेकानंद की मूर्ति का अनावरण, हॉस्टल बिल्डिंग का शिला पूजन व विवि कैंटीन का लोकार्पण भी किया जाएगा। दीक्षांत समारोहों की तैयारियों को लेकर रविवार को कुलपति प्रो. अम्बरीष शरण विद्यार्थी की अध्यक्षता में बीटीयू प्रबन्धन मंडल और अकादमिक परिषद की बैठक आयोजित की गई।
दीक्षांत समारोह के दौरान 2182 उपाधियों का वितरण किया जाएगा। जिसमें बीटेक में 1481, बीटेक (ऑनर्स) में 16, एमबीए में 576, एमसीए में 101, एमटेक में 7, पीएचडी में 1 सहित 2182 डिग्री प्रदान की जाएंगी। वहीं बीटेक के 14, एमबीए के 2, एमसीए के 1 पाठ्यक्रम सहित 17 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे।
वेटरनरी विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह कल
वेटरनरी विश्वविद्यालय का षष्टम दीक्षांत समारोह 21 मार्च को विवि परिसर में आयोजित किया जाएगा। समारोह में 331 विद्यार्थियों को स्नातक, 96 को स्नातकोत्तर एवं 34 विद्यार्थियों को विद्यावाचस्पति की उपाधि प्रदान की जाएंगी। 18 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, एक को कुलाधिपति स्वर्ण पदक एवं एक-एक विद्यार्थी को रजत एवं कांस्य पदक से विभूषित किया जाएगा। सभी प्रकार की तैयारियों के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया है।