देवेंद्र राज अंकुर पिछले 50 वर्षों से हिंदी रंगकर्म का सबसे सक्रिय चेहरा हैं।
जिला प्रशासन, बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, विरासत संवर्धन संस्थान, हंसराज डागा चेरिटेबल ट्रस्ट, अनुराग कला केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर थियेटर फेस्टिवल रंगकर्मी देवेंद्र राज अंकुर को समर्पित होगा। समन्वयक टी एम लालाणी व हंसराज डागा ने बताया कि देवेंद्र राज अंकुर पिछले 50 वर्षों से हिंदी रंगकर्म का सबसे सक्रिय चेहरा हैं। देशभर के नाट्य विद्यालयों में अध्यापन करते हैं और रंग समूहों के साथ कार्यशालाएं करने के साथ आलोचना में भी सक्रिय हैं। इसके अलावा स्वागत समिति बनाई गई है। जिसमें आभा शंकर, संगीता भटनागर, संगीता झा, मंजू रांकावत, पूनम चौधरी, मीनू गौड़, जया पारीक, भगवती स्वामी, प्रिया आर्य, सीमा सिंह को शामिल किया गया है।
500 से अधिक रंगकर्मी करेंगे शिरकत
रंगमंच, संवाद और संवेदना के संगम का शहर एक बार फिर सजीव होने जा रहा है। बीकानेर थिएटर फेस्टिवल के दसवें संस्करण का आगाज 25 फरवरी से होगा। देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके इस आयोजन में इस बार 500 से अधिक रंगकर्मी शिरकत करेंगे और बीकानेर के दर्शकों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय रंगमंच से रूबरू कराएंगे। आयोजन समिति के टी.एम. लालाणी और संयोजक हंसराज डागा ने बताया कि फेस्टिवल में बीकानेर के साथ दिल्ली, मुंबई, शिमला, चंडीगढ़, लखनऊ, बेंगलुरु, जबलपुर, बरेली, जयपुर और भीलवाड़ा से रंगमंडल हिस्सा लेंगे। फेस्टिवल के दौरान कुल 20 नाटकों का मंचन किया जाएगा।