
नाल एयरपोर्ट से 26 सितम्बर को दिल्ली के प्रस्तावित हवाई सेवा के प्रति लोगों का खासा रुझान देखने को मिल रहा है। स्थिति यह है कि दिल्ली से बीकानेर आने और यहां से दिल्ली जाने के लिए यात्रियों ने 72-72 सीटों की बुकिंग भी करवा ली है। पहली उड़ान को लेकर शुक्रवार को हवाई सेवा से जुड़े अधिकारियों और बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल के पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई।
इसमें नियमित हवाई सेवा के समय और यात्री सुविधाओं सहित विभिन्न पहलुओं पर बात की गई। अलायंस एयर लाइंस की शैल बाला के अनुसार बीकानेर से दिल्ली हवाई सेवा के प्रति आमजन का अच्छा रुझान देखा जा रहा है। 26 सितम्बर को दिल्ली से रवाना हुआ विमान नाल एयर पोर्ट पर दोपहर पौने तीन बजे पहुंच जाएगा, यहां से दोपहर 3:10
बजे दिल्ली के लिए विमान उड़ान भरेगा जो दिल्ली दोपहर4:40 बजे पहुंच जाएगा।
तैयारी में जुटा प्रशासन
26 सितम्बर को शुरू होने वाली हवाई सेवा के उद्घाटन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बीकानेर व्यापार उद्योग मण्डल के कोषाध्यक्ष घनश्याम लखाणी ने बताया कि नाल हवाई अड्डे पर शुक्रवार को भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया गया। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण के प्रबंधक राधेश्याम मीना तथा सीनियर प्रबंधक मनोज चौधरी के साथ बैठक कर उद्घाटन समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा परिसर के सौन्दर्यकरण और बगीचे को विकसित करने का जिम्मा बीकाजी समूह के प्रबंध निदेशक शिवरतन अग्रवाल ने लिया है। लखाणी ने बताया कि उद्घाटन समारोह में केन्द्रीय मंत्री गणपति राजू, जयन्त सिन्हा तथा अर्जुनराम मेघवाल एवं भारतीय विमान पत्तन प्राधिकरण के अधिकारियों का दल बीकानेर पहुंचेगा। बैठक में व्यापार मंडल प्रबंध समिति सचिव मक्खनलाल अग्रवाल, काजरी के प्रतिनिधि शिवचरण,
पर्यटन व्यवसाय से जुड़े विनोद भोजक, राजू शर्मा, विष्णु पुरी, राजेन्द्र डीडवानिया, घनश्याम लखाणी तथा एयर पोर्ट के वरिष्ठ प्रबंधक मनोज चौधरी व विमानपत्तन निदेशक राधेश्याम मीणा, टर्मिनल मैनेजर संजय वर्मा, उप प्रबन्धक सौरभ भारद्वाज, युधिष्ठर शर्मा, इंजीनियर नरेंद्र चौधरी आदि उपस्थित थे।