Bikaner murder case : बीकानेर जिले के झाड़ेली गांव में प्रेम प्रसंग के शक ने एक युवक की जान ले ली। सुनियोजित तरीके से बुलाकर की गई बेरहमी से मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
जसरासर (बीकानेर)। बीकानेर जिले के झाड़ेली गांव में प्रेम प्रसंग के शक ने एक युवक की जान ले ली। सुनियोजित तरीके से बुलाकर की गई बेरहमी से मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। इसी को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़ें
मृतक की पहचान झाड़ेली निवासी मनोज मेघवाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मनोज का गांव की एक महिला के घर आना-जाना था, जिस पर महिला के परिजनों को शक था। इसी संदेह ने हिंसक रूप लेते हुए हत्या जैसी वारदात को जन्म दे दिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने साजिश रचकर मनोज को महिला के घर बुलाया। वहां पहले से मौजूद लोगों ने उस पर हमला कर दिया और लाठियों व अन्य हथियारों से बुरी तरह पीटा। गंभीर चोटें लगने के कारण मनोज अचेत हो गया।
थानाधिकारी आलोक सिंह के अनुसार सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे मृतक के भाई कुंभाराम मेघवाल ने सूचना दी कि मनोज के साथ गंभीर मारपीट हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को जसरासर अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने विमला, सुरजाराम, भागीरथ, भरताराम, राजूराम, भींयाराम, रातिराम और पतराम सहित आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि सभी ने मिलकर साजिश रची और महिला के जरिए मनोज को घर बुलाकर पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद झाड़ेली गांव में तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।