
बीकानेर जिला प्रमुख की कुर्सी का फैसला होते ही जिला परिषद परिसर के बाहर सियासत के दो रंग नजर आए। एक तरफ जीत के नारे, आतिशबाजी और जश्न था। तो दूसरी ओर हार की मायूसी। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी की जीत की घोषणा होते ही जहां उनके समर्थकों में उल्लास नजर आया, वहीं सरिता चौहान के समर्थक मायूस नजर आए। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस की बागी सरिता ने तेवर बरकरार रखते हुए सवालों का सामना किया। उन्होंने कहा कि परिणाम से मैंने हिम्मत नहीं हारी है।
सरिता चौहान कहा कि मैंने पहले ही कहा था कि यह चुनाव मेरे राजनीतिक जीवन का अहम मोड़ है। इसे कांग्रेस से विदाई नहीं, बल्कि अपने राजनीतिक जीवन की नई शुरुआत मानती हूं। चुनाव में हार-जीत होती रहती है, लेकिन इससे मेरे हौसले और संघर्ष पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
राजनीतिक सफर में चुनौतियां आती रहती है। मैं इनसे पीछे हटने वाली नहीं हूं। आगे की राजनीति के बारे में पूछे गए सवालों का भी बड़ी साफगोई से जवाब देते हुए सरिता चौहान ने कहा कि मैं रुकने वाली नहीं हूं। आने वाले समय में भी मेरी लड़ाई और संघर्ष जारी रहेगा। काबिलेगौर है कि सरिता को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निकाला जा चुका है।
बीकानेर जिला प्रमुख की उम्मीदवारी को लेकर पिछले कई दिनों से कांग्रेस में चल रही सियासी खींचतान का बुधवार को पटाक्षेप हो गया। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी ने पांच मतों के अंतर से जीत दर्ज कर जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल कर ली। निकिता को 23 मत मिले, जबकि कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में उतरीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की पुत्री सरिता चौहान ने 18 मत हासिल किए।
जिला प्रमुख चुनाव का परिणाम आने के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने सरिता चौहान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा की ओर से जारी आदेश में सरिता को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने पर यह कार्रवाई की गई।
यह जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जीत है। यदि पार्टी के विश्वासपात्र नेता बगावत नहीं करते, तो निकिता डूडी और अधिक मतों से जीततीं। पार्टी ने पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और उनकी पुत्री सरिता चौहान पर विश्वास किया, लेकिन दोनों ने पार्टी के साथ विश्वासघात किया। पार्टी के निर्णय का सम्मान नहीं करने पर सरिता को कांग्रेस से निष्कासित कर दिया गया है। चुनाव के दौरान हुए पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट हाईकमान को भेजी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई का निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा।
बीकानेर जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और एकजुटता का परिणाम है। चुनाव में भाजपा और उसकी सत्ता से मुकाबले के साथ पार्टी के कुछ नेताओं के भीतरघात और अन्य दलों के भाजपा से हाथ मिलाने जैसी चुनौतियां भी रहीं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी। शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से कांग्रेस ने जीत दर्ज की। इसके लिए पार्टी नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं, निष्ठावान कार्यकर्ताओं और बीकानेर की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
इस अवसर पर नोखा विधायक सुशीला डूडी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. बीडी कल्ला, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, भंवर कूकणा, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, जिला चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह सोढ़ी, दिलीप सिंह आडसर, रेवंत सिंह राजपुरोहित, अशोक भाटी और सुरेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।