
बज्जू. खेत में मंूगफली की कटाई के दौरान ट्रैक्टर के पास खेलना एक बच्चे व परिवार के लिए भारी पड़ गया। इस दौरान ट्रैक्टर के पीछे लगी मूंगफली कटाई की पाती बच्चे के ऊपर से निकल गई। इससे एक पैर कटकर अलग हो गया। उसे बज्जू के राजकीय अस्पताल से बीकानेर पीबीएम रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार बज्जू के तेजपुरा की रोही में किरताराम जाट के खेत में रविवार दोपहर ट्रैक्टर से मूंगफली कटाई के लिए पाती लगाई जा रही थी।
इस दौरान पास में किरताराम जाट का 10 वर्ष का पुत्र छगनलाल खेल रहा था और अचानक ट्रैक्टर के पीछे लगी पाती के नीचे आ गया। इस दौरान पाती ऊपर से निकलने से छगनलाल का बांया पैर कट कर अलग हो गया। पैर अलग होने पर परिचन बच्चे को राजकीय सामुदायिक अस्पताल लेकर आए। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद पीबीएम अस्पताल रैफर कर दिया गया।
ट्रैक्टर की टक्कर से युवक की मौत
सूडसर. झंझेऊ गांव की रोही में ट्रैक्टर की टक्कर लगने से युवक के गंभीर चोट आई। उसे गंभीरावस्था में पीबीएम अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। सेरूणा थानाधिकारी सांवरमल चौधरी ने बताया कि गत 19 अक्टूबर को जुगलसिंह ने थाने में रिपोर्ट दी थी
कि ट्रैक्टर चालक छैलूसिंह ने झंझेऊ गांव की रोही में नरपतसिंह के खेत में लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उसके पुत्र भागूसिंह (24) को टक्कर मार दी। उसे घायल अवस्था में पीबीएम अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान बीती रात उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित पर लापरवाही से टक्कर मारने का मामला दर्ज किया है।
फंदा लगाकर आत्महत्या की
श्रीकोलायत. अक्कासर गांव के एक जने ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। गजनेर थानाप्रभारी वेदपालसिंह ने बताया कि अक्कासर निवासी नारायणराम सुथार ने दर्ज मर्ग में बताया कि उसका भतीजा पवन कुमार पुत्र ओमप्रकाश सुथार ने शनिवार को सायं छह बजे अपने घर स्थित मालिये में फांदालगाकर आत्मा हत्या कर ली। उसने बताया कि शनिवार को उसका भतीजा स्कूल से आया और घर के मालिये में चला गया। जहां उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।