
1.30 करोड़ के ऋण माफी प्रमाण पत्र बांटे
श्रीकोलायत. मुख्यमंत्री की बजट घोषणा की अनुपालना में गुरुवार को गजनेर ग्राम पंचायत के अटल सेवा केन्द्र में सहकारी ऋण माफी शिविर आयोजित हुआ। इस दौरान 641 किसानों को करीब 1 करोड़ 30 लाख रुपए के ऋण माफी प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा जिला प्रभारी सचिव नीलकमल दरबारी ने कहा कि राज्य सरकार ने किसानों की आवश्यकता के अनुसार कृषि के लिए बजट राशि बढ़ाई है। इससे किसान आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त हो सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में बताया। जिला कलक्टर डॉ. एन.के. गुप्ता ने कहा कि सरकार ने सर्वश्रेष्ठ विकल्पों को अपनाते हुए किसानों को अधिकतम लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र किसान को ऋण माफी का लाभ समय पर मिल सके। इसके लिए शिविरों का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि विस्तार डॉ. उदयभान, सेन्ट्रल कॉपरेटिव बैंक प्रबंध निदेशक राजेश कुमार टाक तथा अधिशासी अधिकारी डॉ. मनमोहन सिंह यादव, सरपंच जेठाराम सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे। प्रभारी सचिव तथा जिला कलक्टर ने मोडिया मानसर गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत बने आवासों का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि आवासों के साथ शौचालय का निर्माण करवाया जाए व इनका उपयोग किया जाए।
कलक्टर से वार्ता आज
खाजूवाला. ग्राम पंचायत भवन में गुरुवार को खाजूवाला के ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्षों व व्यवस्थापकों की बैठक सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक बीकानेर चेयरमैन भागीरथ ज्याणी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में किसानों की ऋण माफी योजना 2018 का बहिष्कार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में ज्याणी के द्वारा किसानों के ऋण माफी योजना के बहिष्कार को लेकर जिला कलक्टर एन.के. गुप्ता के द्वारा गुरुवार को वार्ता के लिए बुलावा आने पर समिति के अध्यक्षों व व्यवस्थापकों के साथ चर्चा की गई। जिसमें शुक्रवार को बीकानेर जिले के सभी सहकारी समितियों के अध्यक्षों ओर व्यवस्थापकों के साथ सीसीबी चेयरमैन जिला कलेक्टर से वार्ता करेंगे। इस बैठक में समिति के अध्यक्ष मंगलाराम, समुन्द्र सिंह, छगनलाल, रमेश बाना, छोटूराम, कृष्ण शर्मा, हनीफ खान, विजय सिंह, धोकलराम, आलोक सिंह, विष्णु शर्मा, विष्णु कुमार, आदि उपस्थित रहे।
ऋण माफी शिविर का बहिष्कार
नोखा. बन्धड़ा गांव में गुरुवार को लगे फसली ऋण माफी योजना शिविर का बहिष्कार किया गया। बन्धड़ा ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष चोखाराम भादू ने बताया कि समिति व किसानों के खाते में ऋण माफी की राशि हस्तान्तरित नहीं होने तक विरोध जारी रहेगा। भादू ने इसके लिए मुख्यमंत्री, जिला कलक्टर, नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी को ज्ञापन भेजकर अवगत कराया है। ज्ञापन में बताया है कि सरकार द्वारा की गई बजट घोषणा में फसली ऋण माफी योजना के तहत दिए जा रहे 50 हजार की कर्जा माफी के लिए समितियों में आयोजित किए जा रहे शिविरों में वितरित प्रमाण पत्रों पर अधिकारियों के हस्ताक्षर नहीं है और न ही किसानों के खाते में राशि जमा हुई है।