बीकानेर

थाने लौट रहे कांस्टेबल की हादसे में मौत

बज्जू थाने में तैनात दो कांस्टेबल बज्जू की 931 आरडी से बज्जू थाने लौट रहे थे। तभी रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर पशु आने से फिसल गई।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2017, 9:05 AM IST
Constable death

बज्जू थाने के एक कांस्टेबल की रविवार रात मोटरसाइकिल फिसलने से मौत हो गई। वहीं कांस्टेबल के साथ बैठा एक अन्य कांस्टेबल घायल हो गया, जिसे पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार बज्जू थाने में तैनात कांस्टेबल सुभाष बंजारा और रामकुमार बज्जू की 931 आरडी से बज्जू थाने लौट रहे थे। तभी रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर पशु आने से फिसल गई।

घटना में दोनों कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें चूरू के खंडेला गांव निवासी कांस्टेबल सुभाष बंजारा की मौत हो गई, वहीं रामकुमार को घायलावस्था में पीबीएम के ट्रोमा सेन्टर भर्ती करवाया गया है। हादसे के बाद बज्जू में पिछले कुछ दिनों से चल रही रामलीला को एक दिन के लिए स्थगित कर दिया।

कार की टक्कर से बाइक सवार घायल
गजनेर रोड स्थित कोठारी अस्पताल के पास रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक कार की टक्कर से बाइक सवार घायल हो गया। घटना के बाद कार चालक अपने वाहन को छोड़कर मौके से भाग गया। पुलिस ने आरोपित चालक के वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। नयाशहर थाना पुलिस के अनुसार बाइक चालक विजय कुमार गहलोत अपने काम से जा रहा था, तभी पीछे तेज गति से चल रही कार ने उसकी बाइक के टक्कर मार दी। घायल विजय कुमार को पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

हटाते समय पोल मकान पर गिरा...
बिजली कंपनी ने शहरी क्षेत्र में जर्जर लोहे के विद्युत पोल बदलने का काम शुरू किया है, ताकि कोई दुर्घटना नहीं हो। आचार्यों के चौक में रविवार को लोहे के एक जर्जर पोल को बदलते समय वह पास के मकान पर जा गिरा। गनीमत रही कि बिजली आपूर्ति बंद होने से किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई। इस दौरान करीब चार घंटे तक क्षेत्र की बिजली गुल रही।

बिजली कंपनी के अभियंता और कार्मिकों ने पुराने पोल के स्थान पर सीमेन्ट का नया पोल लगाया। इसके बाद बिजली आपूर्ति सुचारू की गई। कंपनी के अधिकारी डी. चटर्जी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में पूर्व में इस तरह के जर्जर लोहे के पोल चिह्नित किए गए थे, जिनको बदलने का कार्य शुरू किया गया है।

Published on: