
बीकानेर . डागा मोहल्ला क्षेत्र में बीके स्कूल के पीछे गली में सोमवार को कई घरों में पेयजल आपूर्ति लाइनों से दूषित पानी पहुंच गया। यह पानी मटमैला व बदबूदार था। इससे नाराज मोहल्ले के लोग दूषित पानी बोतलों में भरकर नत्थूसर गेट स्थित जलदाय विभाग के पंप हाउस व नया शहर थाने के समीप सहायक अभियंता कार्यालय में पहुंचे और लिखित में शिकायत दर्ज कराई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले दिनों में कई बार दूषित पानी की आपूर्ति हो चुकी है। पहले भी इसकी शिकायत जलदाय विभाग को कर चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इस वजह से सोमवार को फिर दूषित पानी घरों में आया।
मोहल्ले के मुकेश चौधरी, कमल चांडक, अनिल डागा, गोपाल चांडक, चतुर्भुज भार्गव सहित बड़ी संख्या में लोगों ने दूषित पानी की आपूर्ति होने से रोष जताया है। मुकेश चौधरी ने बताया कि दूषित पानी पीने से लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है और बीमारियां फैल सकती हैं।
लाइन में लीकेज संभव
लोगों की सूचना के बाद जलदाय विभाग की टीम मौके पर पहुंची व आसपास के क्षेत्र में लीकेज ढूंढने की कोशिश की, लेकिन नहीं मिला। कनिष्ठ अभियंता ने बताया कि मंगलवार को फिर प्रयास किए जाएंगे। हो सकता है कि कोई घरेलू लाइन लीक हो और इससे नाली का पानी उसमें आ गया हो। सीसी रोड होने से लीकेज ढूंढने में परेशानी आ रही है।
कार्मिकों का धरना 46वें दिन भी जारी
बीकानेर. ईसीबी से बर्खास्त कार्मिकों का धरना सोमवार को ४६वें दिन भी कलक्ट्रेट के आगे जारी रहा। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि जब तक उन्हेंं कॉलेज में नियुक्ति नहीं मिल जाती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। संघर्ष समिति के सचिव बजरंग लाल ने बताया कि ईसीबी से निकाले गए कार्मिकों की माली हालत खराब होने के बावजूद उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। सोमवार को धरना स्थल पर संतोष, बजरंग लाल, धनसुख, रमेश पुरोहित, विष्णु स्वामी, राजकुमार व्यास, घनश्याम, श्रीनिवास, शिव भगवान आदि उपस्थित थे।