
संभाग मुख्यालय पर शुक्रवार को संभाग के शहरी क्षेत्रों में सुधार तथा राज्य सरकार व आरयूआईडीपी की ओर से कराए जाने वाले विकास कार्यों पर मंथन होगा। इसमें शामिल होने स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव मनजीत सिंह, निदेशक पवन अरोड़ा सहित नगर परिषद, नगर निगम और नगर पालिकाओं के राजधानी में काम देख रहे अधिकारी बीकानेर आ रहे हैं। इसके साथ ही संभाग के सभी निगम, पालिकाओं के पार्षद भी आएंगे।
बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में समस्याओं के मामले में जहां हाथ रखो वहीं दर्द वाली स्थिति है। सीवरेज लाइन से लेकर सड़क तक बदहाल हैं। बेसहारा गोवंश की समस्या पर सालों से बातें हो रही हैं, लेकिन समाधान नहीं। रोडलाइटों की बात हो या अंडर टेकिंग की आड़ में निगम में चल रहे खेल का मामला, खमियाजा आखिर शहर की जनता को ही भुगतना पड़ रहा है। रवीन्द्र रंगमंच में होने वाली जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की इस बैठक में बीकानेर के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा हो, इसके लिए हालात की पड़ताल करती 'पत्रिका' की रिपोर्ट-
अण्डर टेकिंग से राजस्व का नुकसान
नगर निगम विधि प्रावधानों को दरकिनार कर अण्डर टेकिंग के आधार पर बिल्डिंगों के निर्माण की अनुमति जारी कर रहा है। इस व्यवस्था से निगम को लाखों रुपयों की राजस्व की भी हानि हो रही है। अण्डर टेकिंग नहीं देने के संभागीय आयुक्त, वरिष्ठ नगर नियोजक, न्यायालय के आदेशों के बावजूद यह खेल चल रहा है।
न्यास-निगम में उलझी एलईडी लाइटें
शहर में एलईडी लाइटों को लगाने का कार्य नगर विकास न्यास और नगर निगम में उलझ कर रह गया। लम्बे समय के बाद भी शहर में कई क्षेत्रों में बिना स्विच वायर के एलईडी लाइटें नहीं लग रही है। गली-मोहल्लों से लेकर मुख्य मार्गों व कॉलोनियों तक में अंधेरा है। नगर निगम की ओर से न्यास क्षेत्र में स्विच वायर लगाने से मना कर दिया गया है। निगम केवल अपने ही वार्डों में स्विच वायर लगाएगा। आवासन मण्डल की कॉलोनियां एलईडी लाइटों को तरस रही है।
कब बनेगी गोशाला
शहर में विचरण कर रहे हजारों निराश्रित गोवंश शहर की सबसे बड़ी समस्या बने हुए हैं। निराश्रित सांडों के हमला करने से आए दिन लोग घायल हो रहे हैं। सड़क से सदन तक लगातार गोशाला निर्माण की मांग उठने के बावजूद कोई समाधान नहीं किया जा रहा। निराश्रित गोवंश को रखने के लिए नगर निगम को स्थान तक उपलब्ध नहीं हो रहा है।
हर दिन काट रहे श्वान
नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट डॉग (श्वान) की संख्या लगातार बढ़ रही है। इन श्वानों की नसबंदी की व्यवस्था नहीं होने व इनकों पकड़कर रखने के लिए पुख्ता व्यवस्था नहीं होने के कारण ये स्ट्रीट डॉग शहर में लगातार बढ़ रहे है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीकानेर में प्रतिमाह
करीब एक हजार लोगों को श्वान काट रहे हैं। निगम के स्ट्रीट डॉग की संख्या पर नियंत्रण लगाने व इनको पकड़कर रखने के लिए कोई गंभीर प्रयास नजर नहीं आ रहे है।
सीवरेज समस्या
निगम की ओर से शिवबाड़ी तथा गंगाशहर में करोडों रुपए की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य करवाया जा रहा है। दूसरी तरफ शहर में पुरानी सीवरेज आमजन के लिए समस्या बनी हुई है।
पुरानी सीवरेज लाइनों के बार बार जाम होने की समस्या है। आए दिन गंदा पानी सड़कों पर पसरा रहता है।
पवनपुरी की सुध नहीं
अस्सी के दशक में आवासन मण्डल ने पवनपुरी कॉलोनी को निगम को हस्तांतरित किया। तीस साल से अधिक समय गुजर जाने के बाद भी निगम ने इस कॉलोनी से संबंधित पत्रावलियां आवासन मण्डल से प्राप्त नहीं की है। हैरानी की बात है कि पवनपुरी कॉलोनी से राजस्व आवासन मण्डल प्राप्त कर रहा है। वार्ड पार्षद भगवती प्रसाद गौड के अनुसार यदि निगम इस कॉलोनी को अपना लेता है तो राजस्व के रूप में बड़ी राशि प्राप्त होने लगेगी।
कचरे के ढेर
नगर निगम शहर की सफाई को लेकर भले जो दावा करे लेकिन अधिकांश वार्ड और गली-मोहल्लों में कचरे का उठाव नियमित नहीं हो रहा है। गंदगी और कचरे के जगह-जगह लगे ढेर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहे है।
नाले जाम, जर्जर
शहर में सालों पहले बने नालों की स्थिति बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है। नगर निगम न तो इनकी ठीक से साफ-सफाई करवा रहा है और ना ही नालों की टूटी दीवारों और जर्जर स्थिति की सुध ले रहा है। आबादी क्षेत्रों से गुजरने वाले यह नाले जानलेवा बने हुए है।
ये भी हैं समस्याएं
- नगर निगम में कर्मचारियों की कमी है। इससे कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
- सफाई कर्मचारियों से वाहन चालक का काम कराया जाता है।
- दूध की डेरियां आज भी आबादी क्षेत्रों में चल रही हैं।