पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बावजूद जिले में इसका असर लगभग नदारद रहा। मौसम में बदलाव की उम्मीदें धरी रह गईं और इसके उलट तापमान में बढ़ोतरी ने गर्मी के तेवर तेज कर दिए। मौसम विभाग ने शनिवार से तीन दिन तक आंधी और बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन जिले में कहीं भी […]
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बावजूद जिले में इसका असर लगभग नदारद रहा। मौसम में बदलाव की उम्मीदें धरी रह गईं और इसके उलट तापमान में बढ़ोतरी ने गर्मी के तेवर तेज कर दिए। मौसम विभाग ने शनिवार से तीन दिन तक आंधी और बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन जिले में कहीं भी इसका असर नजर नहीं आया। इसके बजाय तेज धूप ने दिनभर लोगों को बेहाल रखा और गर्मी का असर बढ़ गया।
पारे में उछाल: दिन-रात दोनों गर्म
शनिवार को सुबह से ही मौसम में गत दिन की अपेक्षा हल्की गर्मी महसूस हुई। दिन चढ़ते-चढ़ते सूरज की तल्खी और तेज होती गई। नतीजा यह रहा कि अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो एक दिन पहले 33.2 डिग्री था।यानी करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी। वहीं न्यूनतम तापमान भी 18.6 से बढ़कर 22.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिससे रातें भी गर्म महसूस होने लगी हैं।
हवाओं का रुख स्थिर, गर्मी बरकरार
पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से हवाओं की दिशा में खास बदलाव नहीं आया। नतीजतन गर्म हवाओं और तेज धूप का असर लगातार बना हुआ है।
आज भी हल्के बदलाव की उम्मीद
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को हल्के बादल छाने और हवा चलने की संभावना है, लेकिन फिलहाल गर्मी से राहत के स्पष्ट संकेत नहीं हैं। धूप के तेवर तल्ख ही बने रहने के आसार व्यक्त किए जा रहे हैं।