
बीकानेर . बीछवाल थाना क्षेत्र में 18 दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल व्यक्ति का शनिवार रात को पीबीएम में उपचार के दौरान दम टूट गया। बीछवाल थाना के हैडकांस्टेबल भंवरलाल ने बताया कि जामसर के मेघवालों का मोहल्ला निवासी बुद्धराम (50) पुत्र खेताराम मेघवाल कचहरी में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने का काम करता था।
नौ नवंबर को वह रात करीब दस बजे जामसर के लिए रवाना हुआ। बीछवाल थाना क्षेत्र में पम्पिंग स्टेशन के पास सड़क पर एक आवरा सांड मरा पड़ा था। अंधेरे के कारण सांड दिखाई नहीं दिया और बुद्धराम की बाइक सांड से टकरा गई।
इससे वह सड़क पर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीबीएम ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। जहां शनिवार रात को इलाज के दौरान बुद्धराम की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।
अनियंत्रित होकर फिसली थी बाइक
लूणकरनसर. वहीं दूसरी ओर, राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर शनिवार रात को मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसलने से घायल हुए एक युवक ने दम तोड़ दिया तथा दूसरा युवक पीबीएम अस्पताल में उपचाराधीन है।
सीआई अशोक कुमार बिश्नोई ने बताया कि बीकानेर के बंगलानगर निवासी जयदीप सिंह पुत्र जगदम्ब सिंह राजपूत ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उसका छोटा भाई रविन्द्र सिंह पुत्र जगदम्बा सिंह राजपूत व ममेरा भाई श्रीकोलायत के बीठनोक निवासी मूलसिंह पुत्र बहादुरसिंह राजपूत बीकानेर से शनिवार को छह बजे लूणकरनसर में महनसर से आई बारात में शामिल होने के लिए मोटरसाइकिल पर रवाना हुए थे।
इस दौरान राजमार्ग-15 पर सुरनाणा के समीप लक्ष्मी पेट्रोल पम्प के पास अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल के टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। दोनों युवकों को उपचार के लिए लूणकरनसर अस्पताल भर्ती करवाया गया तथा प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रैफर कर दिया गया। इस दौरान बीकानेर के ट्रोमा सेन्टर में मूलसिंह राजपूत की उपचाराधीन अवस्था में मौत हो गई।